Kaabil 2: ऋतिक रोशन की 'काबिल 2' हुई कन्फर्म, निर्देशक संजय गुप्ता ने दी बड़ी खुशखबरी

Kaabil 2: बॉलीवुड के सुपरस्टार ऋतिक रोशन एक बार फिर अपने फैंस को रोमांचित करने के लिए तैयार हैं। उनकी 2017 की हिट फिल्म ‘काबिल’ का सीक्वल अब आधिकारिक तौर पर कन्फर्म हो चुका है।

अपडेटेड Jan 14, 2026 पर 2:36 PM
Story continues below Advertisement

बॉलीवुड के ग्रीक गॉड ऋतिक रोशन के फैंस के लिए धमाल खबर है। 2017 की सुपरहिट बदला थ्रिलर 'काबिल' का सीक्वल अब हकीकत बनने जा रहा है। निर्देशक संजय गुप्ता ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि कर दी है, जिससे फैंस में उत्साह की लहर दौड़ गई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि 'काबिल 2' तैयार है और इस बार कहानी पहले से कहीं ज्यादा घातक व धमाकेदार होगी।

सोशल मीडिया पर आया बड़ा ऐलान

सब कुछ तब शुरू हुआ जब एक पत्रकार ने एक्स पर लिखा, "बदले की थ्रिलर में 'काबिल' मेरी टॉप फिल्म है। ऋतिक ने अंधे हीरो के रोल में कमाल किया। बस एक सवाल- काबिल 2 कब रिलीज होगी?" इस पर संजय गुप्ता ने रिप्लाई करते हुए लिखा, "यह फिर से धमाकेदार है!!! और इस बार कहीं ज्यादा जानलेवा!!!!" यह पोस्ट वायरल होते ही फैंस ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। कईयों ने कमेंट्स में रोहन भटनागर के रिटर्न का स्वागत किया।

'काबिल' की यादें ताजा


2017 में रिलीज हुई 'काबिल' में ऋतिक ने दृष्टिहीन वॉयस आर्टिस्ट रोहन भटनागर का किरदार निभाया था। पत्नी सुप्रिया (यामी गौतम) के साथ खुशहाल जीवन जीते हुए एक दर्दनाक हादसे ने उनकी जिंदगी उजाड़ दी। इसके बाद रोहन ने बदले की आग में अपराधियों को सबक सिखाया। ऋतिक की भावुक अभिनय, कसी हुई स्क्रिप्ट और आयुष्मान के संगीत ने फिल्म को ब्लॉकबस्टर बनाया। क्रिटिक्स ने खास तारीफ की कि कैसे ऋतिक ने सेंसरी डिसेबिलिटी को इतने संवेदनशील तरीके से दिखाया।

ऋतिक की पुरानी इच्छा पूरी

एक साल पहले जनवरी 2025 में 'द रोशन्स' प्रमोशन के दौरान ऋतिक से पूछा गया था कि उनकी कौन सी फिल्म का सीक्वल बनना चाहिए। उन्होंने बिना हिचक कहा, "मैं काबिल को चुनूंगा।" लगता है संजय गुप्ता ने उनकी बात सुन ली। फिल्म राकेश रोशन प्रोडक्शन थी, जिसमें रोहित रॉय, रोनित रॉय जैसे कलाकार थे। सीक्वल में क्या नया ट्विस्ट आएगा, ऋतिक फिर रोहन बनेंगे या नया आयाम दिखेगा यह जानने के लिए फैंस बेताब हैं।

फिलहाल शूटिंग डिटेल्स स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन अफवाहें हैं कि 2026 में प्रोडक्शन शुरू हो सकता है। ऋतिक इन दिनों 'वार 2' और अन्य प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं, लेकिन 'काबिल 2' उनके फैंस को फिर से सिनेमाघरों की ओर खींच लेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।