करण औजला इन दिनों अपने पी-पॉप कल्चर टूर के चलते देशभर में चर्चा में हैं। दिल्ली में धमाकेदार परफॉर्मेंस के बाद जब वह मुंबई पहुंचे, तो एक छोटी सी घटना ने उन्हें फिर सुर्खियों में ला खड़ा किया। ऑटो की सवारी के दौरान पुलिस ने वाहन रोका क्योंकि ड्राइवर पर पुराना जुर्माना बाकी था। हालात समझते ही करण ने तुरंत इंसानियत दिखाते हुए मदद का हाथ बढ़ाया। इस मौके पर उन्होंने न सिर्फ ड्राइवर की परेशानी दूर की, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि असली स्टार वही है जो आम लोगों के साथ खड़ा हो।
उनके इस कदम ने वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी दिल जीत लिया। फैंस अब उन्हें सिर्फ स्टेज का नहीं, बल्कि रियल लाइफ का भी हीरो बता रहे हैं
17 हजार का फाइन किया चुकता
जैसे ही उन्हें पता चला कि ड्राइवर पर 17,000 रुपये का फाइन है, उन्होंने अपनी टीम से तुरंत रकम भरने को कहा। ड्राइवर पहले तो समझ ही नहीं पाया कि उसके साथ क्या हो रहा है।
इतने में एक और ऑटोवाला पहुंचा और अपनी परेशानी बताई। करण ने उसका 4-5 हजार का जुर्माना भी भरवा दिया। बाद में जब ड्राइवर को पता चला कि मदद करने वाला शख्स मशहूर सिंगर है, तो वह खुशी से उन्हें गले लगा बैठा।
करण ने मुस्कुराते हुए कहा, “मुझे ये सब करने में मजा आता है।” सोशल मीडिया पर फैंस उनके इस बड़े दिल की जमकर तारीफ कर रहे हैं।