Neetu Kapoor: अपने पति ऋषि कपूर के निधन के बाद, एक्ट्रेस नीतू कपूर ने खुद को काम में पूरी तरह से बिजी कर दिया है। एक्ट्रेस ने नौ साल बाद फ़िल्म 'जुग जुग जियो' से एक्टिंग में वापसी की थी। हालांकि फिल्मों में उनकी वापसी पर उन्हें काफ़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था। ट्रोलर्स ने कहना था कि अपने इतने बड़े नुकसान के बाद वह इतनी जल्दी काम पर कैसे लौट सकती हैं। अब नीतू ने इस आलोचना पर खुलकर बात की है और ट्रोलिंग को "तकलीफ़देह" और "भयानक" बताया है।
सोहा अली खान के YouTube शो 'All About Her' के लेटेस्ट एपिसोड में नीतू ने काम पर लौटने के अपने फ़ैसले के बाद उन्हें मिली ट्रोलिंग के बारे में खुलकर बात की। इस एपिसोड में नीतू के साथ उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी भी थीं।
एक्ट्रेस ने कहा कि मैंने अभी-अभी काम शुरू किया था। उनका निधन हो गया, और मैंने 'JugJugg Jeeyo' की। मैं काम पर इसलिए गई ताकि मेरा आत्मविश्वास वापस आ सके। मैं बहुत बुरे दौर से गुज़र रही थी, और जब लोग कहते थे कि 'अरे, उनका निधन हो गया और यह तुरंत काम पर जुट गई तो मुझे बहुत दुख होता था। यह बहुत बुरा था।
लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि मैंने ऐसा क्यों किया। मुझे आपको बताना होगा कि मेरे साथ क्या हुआ था। जब उनका निधन हुआ, तो मैं एक-दो महीने तक सो नहीं पाई और मैंने शराब पीना शुरू कर दिया था। बिना शराब पिए सो ही नहीं पाती थी। मुझे अपना यह रूप बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा था, क्योंकि मैं हमेशा से ही अपनी सेहत को लेकर काफी सजग रही हैं।
एक्ट्रेस ने कहा कि मुझे अपने दिमाग को शांत करके सोना था। मुझे खुद से ही नफ़रत होने लगी थी। मैंने अपनी डॉक्टर को फ़ोन किया और उनसे मदद मांगी... तो उन्होंने मुझे एक गाइनेकोलॉजिस्ट से मिलवाया, जो रात में करीब 11 बजे मेरे घर आती थीं, मुझे इंजेक्शन लगाती थीं और सुला देती थीं। वह तब तक वहीं बैठी रहती थीं, जब तक मैं सो नहीं जाती थी। वह मेरे स्टाफ़ से कहती थीं कि वे मुझ पर नज़र रखें। ऐसा 10 दिनों तक चलता रहा। 11वें या 12वें दिन, मैंने उन्हें फ़ोन किया और कहा कि 'अब मैं ठीक हूं और मैं आगे बढ़ सकती हूं'.... लेकिन मुझे इस सबसे बाहर निकलना था। मैंने करण से बात की और उन्होंने मुझसे काम पर वापस लौटने के लिए कहा।
नीतू ने माना कि 'जुगजुग जीयो' करते समय वह "बहुत ज़्यादा घबराई हुई" थीं, और साथ ही यह भी कहा कि इस अनुभव ने उन्हें और मज़बूत बनाया। उन्होंने अपनी ज़िंदगी के मंत्र के बारे में भी बात की, जो है "सानू की (हमें क्या फ़र्क पड़ता है?)", और अगर कोई उनसे पूछता है, तो वह उनसे पूछती हैं "तेनू की (तुम्हें क्या फ़र्क पड़ता है?)"।
ऋषि और नीतू की शादी 22 जनवरी, 1980 को हुई थी। उनके दो बच्चे हैं-रिद्धिमा कपूर साहनी और अभिनेता रणबीर कपूर। 1970 और 1980 के दशक में, इस जोड़ी ने एक साथ कई हिट फिल्मों में काम किया, जैसे अमर अकबर एंथनी, खेल खेल में, रफू चक्कर, कभी कभी, बेशर्म, और भी बहुत सी फिल्में; उन्होंने अपने ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन रोमांस से कई पीढ़ियों को प्रेरित किया।
2018 में ऋषि कपूर को ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) का पता चला। बीमारी का पता चलने के बाद, वे इलाज के लिए लगभग एक साल तक न्यूयॉर्क में रहे। 2019 में भारत लौटने के बाद, उन्होंने फिर से काम शुरू किया और कुछ प्रोजेक्ट्स में नज़र आए। हालाँकि, 2020 की शुरुआत में उनकी सेहत फिर से बिगड़ गई, और उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। 30 अप्रैल, 2020 को, कैंसर से जूझते हुए 67 साल की उम्र में ऋषि कपूर का निधन हो गया। ऋषि की आखिरी फिल्म 'शर्माजी नमकीन' (2022) थी, जो उनके निधन के बाद रिलीज़ हुई। चूँकि वे फिल्म की शूटिंग पूरी नहीं कर पाए थे, इसलिए परेश रावल ने उनके हिस्से की शूटिंग पूरी की।