प्रियंका चोपड़ा और महेश बाबू की आने वाली फिल्म वाराणसी को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस फिल्म का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। वहीं इस फिल्म का निर्देशन फेमस फिल्ममेकर एस.एस. राजामौली कर रहे हैं। राजामौली के फिल्म की शूटिंग शुरू करने के लिए जल्द ही देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा हैदराबाद लौटने वाली हैं। हाल ही में प्रियंका ने एक खूबसूरत सेल्फी शेयर कर यह जानकारी दी कि वह जल्द हैदराबाद पहुंचेंगी, जिससे फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट
एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए हैदराबाद लौटने की पुष्टि की है। उन्होंने फ्लाइट से ली गई एक सेल्फी शेयर करते हुए लिखा, “और वह चली गईं… मैं जल्द ही आपसे मिलूंगी, हैदराबाद।” प्रियंका की इस पोस्ट के बाद फैंस उनकी आने वाली फिल्म को लेकर और भी एक्साईटेड नजर आ रहे हैं। प्रियंका की ये पोस्ट फिल्म वाराणसी के अगले प्रोडक्शन चरण की शुरुआत की ओर इशारा माना जा रहा है, जिससे फैंस काफी उत्साहित हैं। प्रियंका चोपड़ा ने एस.एस. राजामौली, पृथ्वीराज सुकुमारन और महेश बाबू के साथ काम करने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की थी।
प्रियंका-महेश पहली बार दिखेंगे साथ में
प्रियंका चोपड़ा पहली बार महेश बाबू के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी, जिससे भारतीय सिनेमा में उनकी वापसी मानी जा रही है। वाराणसी में एस.एस. राजामौली, महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बड़े नाम जुड़े हुए हैं, जिसकी वजह से दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है। हाल ही में प्रियंका अलग-अलग देशों के टूर में व्यस्त थीं, जहां उन्होंने परिवार के साथ नया साल मनाया और गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में भी हिस्सा लिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाराणसी फिल्म 9 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में आ सकती है, जो राम नवमी का दिन भी है। हालांकि मेकर्स ने अभी तक इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। वहीं दूसरी ओर, प्रियंका चोपड़ा एक और इंटरनेशनल प्रोजेक्ट द ब्लफ में भी नजर आएंगी, जो 25 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है। इस एक्शन-एडवेंचर फिल्म में उनके साथ कार्ल अर्बन भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे।