Priyanka Chopra: ऑस्कर आफ्टर-पार्टी में प्रियंका चोपड़ा का 'मेटैलिक' जादू, पति निक जोनस संग शेयर कीं अनदेखी तस्वीरें

Priyanka Chopra: ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा ने ऑस्कर 2026 की आफ्टर-पार्टी से पति निक जोनस के साथ अपनी बेहद ग्लैमरस और अनदेखी तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वह सिल्वर मेटैलिक गाउन में हॉलीवुड ग्लैम बिखेरती नजर आ रही हैं।

अपडेटेड Mar 17, 2026 पर 9:28 AM
Story continues below Advertisement

ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर अपनी बेमिसाल खूबसूरती और स्टाइल की वजह से दुनिया भर में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स (Oscars 2026) के मंच पर अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराने के बाद, प्रियंका ने अब वैनिटी फेयर ऑस्कर आफ्टर-पार्टी से अपनी कुछ 'अनदेखी' और बेहद ग्लैमरस तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में प्रियंका का 'हॉलीवुड ग्लैम' अवतार देख फैंस अपनी नजरें नहीं हटा पा रहे हैं।

मेटैलिक गाउन में बिखेरा जलवा

प्रियंका चोपड़ा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर इस फोटोशूट की सीरीज शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा " हमारी अपनी आफ्टर पार्टी"। इस शाम के लिए प्रियंका ने स्टेला मेकार्टनी द्वारा डिजाइन किया गया एक शानदार सिल्वर मेटैलिक गाउन चुना था।

इस गाउन की खासियत इसकी चमक और बैकलेस डिजाइन थी, जिसमें प्रियंका बेहद कॉन्फिडेंट और खूबसूरत लग रही थीं। अपने लुक को और भी रॉयल बनाने के लिए उन्होंने कंधों पर 'कैरामेल-ब्राउन' रंग का फर बोआ (Fur Boa) कैरी किया था। उनका यह लुक पुराने हॉलीवुड के क्लासिक ग्लैमर की याद दिला रहा था।


निक जोनस के साथ रोमांटिक केमिस्ट्री

तस्वीरों में प्रियंका के साथ उनके पति और पॉप स्टार निक जोनस भी बेहद डैपर लुक में नजर आए। निक ने प्रियंका के मेटैलिक आउटफिट के साथ तालमेल बिठाते हुए 'बेज' रंग का डबल-ब्रेस्टेड टक्सीडो पहना था। साझा की गई तस्वीरों में एक फोटो ऐसी है जिसमें निक बड़े प्यार से प्रियंका का हाथ थामे हुए चल रहे हैं। वहीं एक अन्य तस्वीर में प्रियंका, पियानो पर बैठे निक के कंधे पर हाथ रखकर पोज दे रही हैं। दोनों की यह केमिस्ट्री सोशल मीडिया पर "कपल गोल्स" सेट कर रही है।

ऑस्कर के मंच पर बतौर प्रेजेंटर आईं नजर

आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा ने न केवल रेड कार्पेट पर अपनी चमक बिखेरी, बल्कि वह इस साल ऑस्कर की प्रेजेंटर भी रहीं। उन्होंने मशहूर अभिनेता जेवियर बार्डेम के साथ मिलकर 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म' का पुरस्कार प्रदान किया। मुख्य समारोह के लिए उन्होंने डायर का व्हाइट स्ट्रैपलेस गाउन पहना था, जिसमें वह किसी अप्सरा से कम नहीं लग रही थीं।

फैंस और सेलेब्स का मिला भरपूर प्यार

प्रियंका की इन तस्वीरों पर कुछ ही घंटों में लाखों लाइक्स और हजारों कमेंट्स आ चुके हैं। फैंस उन्हें 'क्वीन' और 'ग्लोबल आइकन' कहकर संबोधित कर रहे हैं। जिस तरह से प्रियंका ने भारतीय संजीदगी और हॉलीवुड के बोल्ड फैशन का मेल बिठाया है, उसकी हर तरफ तारीफ हो रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।