Mirzapur: 'मिर्जापुर द मूवी' की शूटिंग हुई पूरी, श्वेता त्रिपाठी बोलीं- गोलू गुप्ता बनकर लौटना घर वापसी जैसा

Mirzapur: लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ ने भारतीय ओटीटी जगत में एक अलग ही पहचान बनाई है। अब इस फ्रैंचाइजी का नया अध्याय ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के रूप में सामने आने वाला है। हाल ही में फिल्म की अहम कलाकार श्वेता त्रिपाठी शर्मा ने इसकी शूटिंग पूरी कर ली है और सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा किए।

अपडेटेड Jan 14, 2026 पर 4:26 PM

'मिर्जापुर' वेबसीरीज के दीवानों के लिए खुशखबरी है। अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी ने मुंबई शेड्यूल समाप्त कर 'मिर्जापुर: द मूवी' की शूटिंग पूरी कर ली है। लोकप्रिय किरदार गजगामिनी उर्फ गोलू गुप्ता में वापसी पर उन्होंने भावुक होकर कहा कि यह भूमिका उनकी पहचान बन चुकी है। बड़े पर्दे पर मिर्जापुर की दुनिया को उतारना रोमांचक होने के साथ-साथ संतुष्टिदायक है।

भावुक श्वेता ने साझा किया अनुभव

श्वेता ने कहा, "मुंबई में फिल्म की शूटिंग रैप करना बेहद खास और भावुक पल था। गोलू गुप्ता ने मुझे आवाज, ताकत और नई पहचान दी, जिसके लिए हमेशा आभारी रहूंगी। इस किरदार ने दर्शकों की नजरों में मेरी छवि बदल दी।" उन्होंने बताया कि सह-अभिनेता अली फाजल के साथ दोबारा काम करना परिवार से मिलने जैसा लगा। "गोलू के जूतों में कदम रखना घर लौटने जैसा था, लेकिन नई ऊर्जा के साथ। यह अध्याय सिनेमाघरों में दर्शकों का इंतजार कर रही है ।

गोलू ने बदली श्वेता की किस्मत

2018 में शुरू हुई 'मिर्जापुर' सीरीज में श्वेता ने साधारण लड़की से गोलीबाज गोलू बनने का सफर दिखाया। दर्शकों ने उनकी साहसी अदाकारी को खूब सराहा। यह फिल्म भारत की पहली प्रमुख वेबसीरीज से बनी फीचर फिल्म है। निर्देशक गुरमीत सिंह के नेतृत्व में एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन है। मूल कास्ट में अली फाजल (गुड्डू), पंकज त्रिपाठी (कालीन), दिव्येंदु शर्मा (मुन्ना भैया), अभिषेक बनर्जी और श्रिया पिलगांवकर लौट रहे हैं। मिर्जापुर की क्रूर दुनिया अब सिल्वर स्क्रीन पर धमाल मचाएगी।


फिल्म का इंतजार क्यों है खास

'मिर्जापुर' ने ड्रामा, पैशन और यादगार किरदारों से सांस्कृतिक बुखार पैदा किया। श्वेता के लिए यह प्रोजेक्ट खास है क्योंकि गोलू ने उन्हें स्टीरियोटाइपल इमेज से मुक्त किया। बनारस में शूटिंग के दौरान उन्होंने शहर को अपना दूसरा घर बताया। शूटिंग पूरी होते ही श्वेता ने नई फिल्म 'पलकों पे' शुरू कर दी। फैंस बड़े पर्दे पर गोलू की धांसू एंट्री का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह फिल्म सीरीज के जुनून को थिएटर्स तक ले जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।