केरल हाई कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद विपुल अमृतलाल शाह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ 27 फरवरी की शाम आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। लंबे समय से विवादों और कानूनी अड़चनों में फंसी इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई थी। हालांकि, रिलीज की अनुमति देर से मिलने के कारण फिल्म को पहले दिन पूरा शो टाइम नहीं मिल पाया, जिससे इसकी शुरुआती कमाई पर असर पड़ा। इसके बावजूद फिल्म को लेकर दर्शकों में चर्चा तेज है और वीकेंड के साथ इसकी कमाई में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिल्म का विषय पहले से ही संवेदनशील और चर्चित रहा है, जिसके चलते यह रिलीज के साथ ही सुर्खियों में बनी हुई है। अब सभी की नजरें इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हैं
पहले दिन धीमी शुरुआत, लेकिन दूसरे दिन दिखी रफ्तार
फिल्म ने रिलीज के पहले दिन केवल 75 लाख रुपये का कलेक्शन किया, जो उम्मीद से काफी कम माना गया। लेकिन शनिवार को फिल्म ने शानदार वापसी की और कमाई में जबरदस्त उछाल दर्ज किया। दूसरे दिन फिल्म ने 4.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन करते हुए यह संकेत दे दिया कि दर्शकों का रुझान धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
तीसरे दिन यानी रविवार को किया दमदार प्रदर्शन
रविवार को फिल्म की कमाई में और मजबूती देखने को मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज के तीसरे दिन ‘द केरल स्टोरी 2’ ने करीब 5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। वीकेंड का फायदा फिल्म को मिला और इससे यह साफ हो गया कि दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
तीन दिनों में पार किया 10 करोड़ का आंकड़ा
अगर फिल्म की कुल कमाई की बात करें, तो तीन दिनों में इसने 10.4 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कर लिया है। वहीं, दुनियाभर में फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 12.3 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि, इसकी तुलना 2023 में रिलीज हुई ‘द केरल स्टोरी’ से करें तो दूसरे पार्ट को उतना जबरदस्त रिस्पॉन्स नहीं मिला है। पहली फिल्म ने महज तीन दिनों में 35.43 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी।
संवेदनशील मुद्दे पर आधारित है फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी तीन लड़कियों के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें कुछ लड़के प्यार के नाम पर अपने जाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करते हैं। यह कहानी सामाजिक दबाव और धर्मांतरण जैसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दों को उजागर करती है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती है।
मजबूत स्टारकास्ट और अनुभवी टीम
फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिका में नजर आ रही हैं। इनके साथ अर्जन सिंह औजला और सुमित गहलावत भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है, जबकि विपुल अमृतलाल शाह इसके निर्माता हैं।
विवादों के बीच चर्चा में बनी हुई है फिल्म
धर्मांतरण जैसे संवेदनशील विषय को उठाने के कारण फिल्म रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई थी। हालांकि, अब रिलीज के बाद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धीरे-धीरे अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म दर्शकों के बीच कितना लंबा सफर तय करती है।