Manoj Kumar: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार का 87 साल की उम्र में निधन हो गया। एक्टर की निधन की खबर से हर कोई दुखी है। देशभक्ति फिल्मों के लिए मशहूर मनोज कुमार को 'भारत कुमार' के नाम से भी जाना जाता था। दिवंगत एक्टर मनोज कुमार ने 40 साल के फिल्मी करियर के दौरान कई फिल्मों में काम किया। उन्होंने अपनी एक्टिंग और खास अंदाज से लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।
एक्टर मनोज कुमार के कई किस्से काफी फेमस है, लेकिन क्या आपको पता है कि शांत स्वभाव के मनोज कुमार एक बार बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान से काफी नाराज हो गए थे। आइए जानते है क्या है पूरा मामला।
यह बात साल 2007 में आई फिल्म 'ओम शांति ओम' से जुड़ा था। इसी फिल्म से दीपिका पादुकोण ने अपना बालीवुड डेब्यू किया था। इस फिल्म के एक सीन से मनोज कुमार काफी नाराज हो गए थे। फिल्म को फराह खान ने डायरेक्ट किया था। फिल्म के एक सीन में शाहरुख खान का किरदार 'ओम', मनोज कुमार का पास चुराकर फिल्म के प्रीमियर में घुसते हुए दिखाया गया था। फिल्म में मनोज कुमार के चेहरे पर हाथ रखने वाले उनके मशहूर अंदाज की पैरोडी सीन भी दिखाया गया था। इस सीन को देखकर मनोज कुमार काफी नाराज हुए थे। उन्होंने फराह खान से कहा कि इस सीन को फिल्म से हटा दिया जाए। इसके बाद फिल्म के प्रोड्यूसर्स ने उनकी बात मान ली और भारत में फिल्म के प्रीमियर के समय यह सीन हटा दिया गया।
शाहरुख खान ने मांगी थी माफी
बाद में शाहरुख खान ने मीडिया से बात करते हुए मनोज कुमार से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा, "गलती मेरी ही थी, अगर उन्हें बुरा लगा है तो मैं माफी चाहता हूं। मैंने उन्हें दोपहर में फोन किया था और उन्होंने सबसे पहले यही कहा, 'बेटा, ये कोई बड़ी बात नहीं है।'" वहीं एनडीटीवी से बातचीत में शाहरुख खान ने कहा, "लोग अक्सर पैरोडी करते हैं, यह आम बात है। लेकिन मुझे ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए थी। मुझे पहले ही उन्हें फोन करके बता देना चाहिए था कि ये एक मजाक है।"
मनोज कुमार ने किया मानहानि का केस
यह मामला यहां पर खत्म नहीं हुआ। छह साल बाद जब 'ओम शांति ओम' जापान में दुबारा रिलीज हुई, तो उसमें फिर से वही विवादित सीन दिखाया गया। इस पर मनोज कुमार ने दोबारा नाराजगी जताई और शाहरुख खान और फराह खान के खिलाफ मानहानि का केस कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शाहरुख ने उनका मजाक उड़ाया है और इसके लिए 100 करोड़ रुपये का हर्जाना भी मांगा।
मनोज कुमार ने क्या कहा था
मनोज कुमार ने कहा था, "जापान में फिल्म फिर से बिना सीन हटाए रिलीज़ कर दी गई। मैंने पहले दो बार माफ किया था, लेकिन अब नहीं कर सकता। उन्होंने मेरा अपमान किया है। कोर्ट ने 2008 में साफ कहा था कि वो सीन हमेशा के लिए हर प्रिंट और ब्रॉडकास्ट वर्जन से हटाया जाए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।" हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक, लंबी कानूनी लड़ाई के बाद मनोज कुमार ने शाहरुख खान और फराह खान के खिलाफ केस वापस ले लिया।