क्रिकेटर युजवेंद्र चहल इन दिनों सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों को लेकर चर्चा में हैं। खबरें थीं कि वो रियलिटी शो ‘द 50’ में अपनी पूर्व पत्नी धनश्री वर्मा के साथ नजर आ सकते हैं, जिससे फैंस के बीच जोरदार उत्सुकता और अटकलें बढ़ गई थीं। शो में दोनों की संभावित ऑन-स्क्रीन री-यूनियन की बातें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही थीं। हालांकि, चहल ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए सभी रिपोर्ट्स को पूरी तरह गलत बताया और साफ कर दिया कि उनका किसी भी रियलिटी शो से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने यो भी स्पष्ट किया कि न तो उन्होंने किसी तरह की बातचीत की और न ही किसी कमिटमेंट पर हस्ताक्षर किए हैं। चहल के इस कदम ने अफवाहों पर विराम लगा दिया और फैंस को स्पष्ट संदेश दिया कि उनके निजी जीवन के बारे में बिना पुष्टि के कोई अटकलें न फैलाएं।
चहल के बयान में स्पष्ट किया गया कि शो में हिस्सा लेने को लेकर जो खबरें चल रही हैं, वो पूरी तरह गलत और अटकलें हैं। उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की कि बिना पुष्टि के कोई जानकारी साझा न करें।
धनश्री वर्मा ने साधी चुप्पी
वहीं, धनश्री वर्मा ने इस पूरे विवाद पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। बता दें कि रियलिटी शो ‘द 50’ का प्रीमियर 1 फरवरी को होने वाला है, जिसे फिल्ममेकर फराह खान होस्ट करेंगी। उनका कहना है कि यह शो भारतीय रियलिटी टीवी के पुराने पैटर्न को तोड़ेगा।
चहल और धनश्री ने दिसंबर 2020 में शादी की थी। दोनों की मुलाकात कोविड-19 महामारी के दौरान हुई थी, जब चहल ने धनश्री से डांस सीखना शुरू किया था। हालांकि, जून 2022 में दोनों अलग हो गए और मार्च 2024 में तलाक हो गया।
तलाक के बाद अफवाहों का दौर
तलाक के बाद चहल को दुबई में RJ महवश के साथ देखा गया, जिससे उनके रिश्ते को लेकर अटकलें तेज हो गईं। हालांकि महवश ने हमेशा साफ किया कि वे केवल अच्छे दोस्त हैं। वहीं धनश्री ने हाल ही में रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ में अपनी निजी जिंदगी और शादी के अनुभव साझा किए थे।