Andhra Pradesh Accident: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। यह घटना मंत्रालयम मंडल के चिलाकलाडोना के पास हुई, जब एक बोलेरो वाहन की टक्कर रेडी-मिक्स लॉरी से हो गई। पुलिस के मुताबिक, 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य ने एम्मिगनूर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में पांच महिलाएं और एक युवती शामिल हैं।
बता दें कि एक्सिडेंट इतना खतरनाक था कि कई यात्री अंदर ही फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को तुरंत एमिगनूर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कर्नाटक के चिक्कमगलुरु क्षेत्र के तीर्थयात्रियों के रूप में हुई है, जो श्री राघवेंद्र स्वामी के दर्शन के लिए मंत्रालयम जा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ।
मृतकों की पहचान कुमार (60), दीपिका वीणा (35), सुनील (40), बेली (3), पुट्टम्मा (60), मीनाक्षी (50), तैयम्मा (60) और लोलाक्षी के रूप में हुई है।
हादसे के तुरंत बाद पुलिस दुर्घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। फिलहाल सड़क हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।
परिवहन मंत्री सड़क दुर्घटना पर जताया दुख
परिवहन मंत्री मंदीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है, मंत्री ने कर्नाटक के उन निवासियों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी। परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि घायलों का इलाज अच्छे से हो।
प्रधानमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिवारों के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता (मुआवजा) देने की घोषणा की। PMO ने आगे बताया कि PM मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके तहत, प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपये मिलेंगे।
PMO ने X पर लिखा, "आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुई दुर्घटना बेहद दुखद है। मैं अपनों को खोने वाले लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"