भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम घोषित होने के बावजूद शनिवार की रात पाकिस्तान की ओर से इसका उल्लंघन किया गया। पीटीआई की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की गई। पीर पंजाल इलाके में ड्रोन देखे जाने की सूचना है। ड्रोन हमलों को भारतीय रक्षा बलों ने नाकाम कर दिया।
भारत और पाकिस्तान के बीच जमीन, हवा और समुद्र में सभी प्रकार की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए 10 मई को दिन में बनी द्विपक्षीय सहमति की जानकारी सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ट्रुथ सोशल पोस्ट से सामने आई थी। शीर्ष सरकारी सूत्रों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यह परिणाम भारतीय और पाकिस्तानी पक्षों के बीच सीधी बातचीत का नतीजा है और इस्लामाबाद ने बिना किसी शर्त के इस पर सहमति जताई है।
ट्रंप की पोस्ट के बाद भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने मीडिया को बताया कि भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) ने दोपहर में एक बातचीत के दौरान सीजफायर पर सहमति जताई। सीजफायर भारतीय समयानुसार 10 मई को शाम 5 बजे से लागू हुआ। लेकिन 3 घंटे बाद ही पाकिस्तान की ओर से सीजफायर के उल्लंघन की खबर मिली। हालांकि ताजा अपडेट यह है कि अब सीमा पर गोलीबारी रुक गई है।
किन-किन जगहों पर ब्लैकआउट
पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर में संघर्ष विराम को तोड़ने की खबर के बाद उधमपुर, श्रीनगर, फिरोजपुर, पठानकोट, कठुआ, नगरोटा, होशियारपुर, राजौरी, कच्छ, पटियाला, फाजिल्का में ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है। इसके अलावा राजस्थान के सीमावर्ती गंगानगर, जैसलमेर, बाड़मेर के साथ-साथ फलोदी में जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए ब्लैकआउट लागू कर दिया। प्रशासन के अनुसार, जोधपुर और जैसलमेर में ब्लैकआउट जारी रहेगा और ड्रोन उड़ाने व आतिशबाजी पर प्रतिबंध जैसी अन्य पाबंदियां जारी रहेंगी। जोधपुर की सीमा पाकिस्तान से नहीं लगती लेकिन यह रणनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।