Aaj Ka Mausam: 18 अगस्त को झारखंड में बेहद भारी बारिश का अलर्ट! यूपी-बिहार संग इन राज्यों में भी जमकर बरसेंगे बादल, IMD का बड़ा अपडेट!

Aaj Ka Mausam: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 अगस्त के लिए मौसम का बड़ा अपडेट जारी किया है। देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश, अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। पूर्वी भारत में मौसम का मिजाज सबसे ज्यादा आक्रामक बना हुआ है, जहां झारखंड के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जैसी स्थिति है

अपडेटेड Aug 18, 2026 पर 10:01 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Aaj Ka Mausam: मौसम विभाग के मुताबिक, 18 अगस्त को झारखंड में बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है

Aaj Ka Mausam: देश भर में अलग-अलग मौसमी प्रणालियों की वजह से कई इलाकों में भारी बारिश देखने को मिल रही है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 अगस्त के लिए मौसम का बड़ा अपडेट जारी किया है। देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश, अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। पूर्वी भारत में मौसम का मिजाज सबसे ज्यादा आक्रामक बना हुआ है, जहां झारखंड के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जैसी स्थिति है।

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज सुबह 5:30 बजे डिप्रेशन झारखंड और आसपास के उत्तरी गंगा के पश्चिम बंगाल क्षेत्र पर केंद्रित था (रांची से लगभग 100 किमी उत्तर-पूर्व)। यह आगे पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में झारखंड और बिहार की ओर बढ़ने की संभावना है।

मानसून ट्रफ और अन्य ऊपरी हवा के सिस्टम भी सक्रिय हैं। इससे बारिश का दायरा व्यापक बना हुआ है। ऐसे में मैदानी इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड के जोखिम को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आम लोगों को अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


झारखंड में आफत की बारिश, बिहार और यूपी समेत 6 राज्यों में बहुत भारी वर्षा की चेतावनी

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक 18 अगस्त को सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाला राज्य झारखंड रहेगा। झारखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इससे राज्य की नदियों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में गंभीर जलभराव का खतरा मंडरा रहा है।

इसके अलावा 6 अन्य प्रमुख राज्यों में भी मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 18 अगस्त को बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। इन राज्यों के कई इलाकों में तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

दिल्ली-एनसीआर, पूर्वी यूपी और पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

देश के कई अन्य राज्यों में भी मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 18 अगस्त को दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और पश्चिम बंगाल व सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी मानसून काफी सक्रिय रहेगा।

इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बौछारें पड़ सकती हैं। दक्षिण भारत की बात करें तो केरल व माहे और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है।

50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बिजली कड़कने की भी आशंका

मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ-साथ कई राज्यों में तेज तूफानी हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है। आंध्र प्रदेश, गुजरात क्षेत्र, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने के आसार हैं।

वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल व सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में तेज सतही हवाएं भी चलेंगी।

BHYFJK

अरब सागर में 65 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी तूफानी हवाएं

समुद्र में मौसमी परिस्थितियां काफी उथल-पुथल भरी रहने वाली हैं। अरब सागर में गुजरात, सोमालिया और ओमान के तटीय इलाकों के पास, तथा मध्य-पश्चिम अरब सागर के अधिकांश हिस्सों और दक्षिण-पश्चिम, उत्तर व मध्य-पूर्व अरब सागर के कुछ हिस्सों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिनकी गति बढ़कर 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने समुद्र में बनी इस स्थिति को देखते हुए मछुराहों को तटीय और गहरे समुद्री इलाकों में न जाने की सख्त सलाह दी है।

ये भी पढ़ें- Nepal Sanatan Row: नेपाल की राजनीति में बड़ा भूचाल! सनातन को लेकर नेपाली कांग्रेस में मचा घमासान, समझिए शेर बहादुर देउबा चला ये कैसा दांव

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।