Air India Flight News: गुजरात के अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना होने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट तकनीकी समस्याओं के कारण मंगलवार (17 जून) को रद्द कर दी गई। जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI 159 नई दिल्ली से अहमदाबाद आई थी। यहां से उसे लंदन के लिए उड़ान भरनी थी। हालांकि उड़ान से ठीक पहले विमान में तकनीकी खराबी का पता चलने की वजह से फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।
यह अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की दूसरी उड़ान है जिसमें तकनीकी खराबी आई है। इससे पहले 12 जून को अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास एक और फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें 241 लोग मारे गए थे।
लंदन जा रहे उस विमान में यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई। विमान में सवार लोगों में से केवल एक व्यक्ति ही दुर्घटना में बच पाया। घटना में मेडिकल कॉलेज के पांच छात्रों समेत 29 अन्य की भी मौत हो गई।
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी सहित 242 लोगों को लेकर लंदन जा रहा विमान गुरुवार 12 जून को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
सिर्फ एक यात्री की बची जान
भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई। इनमें 168 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल थे। रमेशन बोइंग 787 ड्रीमलाइनर (AI171) की 11A सीट पर बैठा था, जो चमत्कारिक रूप से बच गया।
एक दिन में दूसरे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले कोच्चि से दिल्ली जा रहे इंडिगो के एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। बम की धमकी के बाद इंडिगो विमान की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E 2706 की मंगलवार (17 जून) को दोपहर को नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई।
जब धमकी मिली, तब तक विमान कोच्चि से उड़ान भर चुका था। अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो 6E 2706 नामक इस फ्लाइट को धमकी के बाद नागपुर में सुरक्षित रूप से उतारा गया। एयरपोर्ट पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों को तुरंत तैनात किया गया।
36 घंटे में कई विमानों में आई खराबी
36 घंटों के भीतर यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी और भारत के विमानों से जुड़ी पांच अलग-अलग इन-फ्लाइट आपात स्थितियों की सूचना मिली है। इन घटनाओं ने यात्रियों को बहुत परेशान कर दिया है। रविवार को कथित रूप से कम ईंधन के कारण केरल में एक ब्रिटिश लड़ाकू जेट की आपातकालीन लैंडिंग, बम की धमकी के कारण हैदराबाद जाने वाले लुफ्थांसा के विमान को फ्रैंकफर्ट वापस लौटना, सोमवार को बम की धमकी के बाद नागपुर में इंडियो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, हांगकांग से दिल्ली जाने वाले एयर इंडिया के विमान को संदिग्ध तकनीकी खराबी के कारण बीच हवा में वापस लौटना और एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान को तकनीकी समस्याओं के कारण दिल्ली वापस लौटना पड़ा।
सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रहे एयर इंडिया के विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण यात्रियों को मंगलवार सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पर निर्धारित ठहराव के दौरान फ्लाइट से उतारा गया। अधिकारियों के अनुसार, विमान संख्या AI180 एयरपोर्ट पर सोमवार रात पौने 1 बजे पहुंची। लेकिन उसके बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण आगे की उड़ान में देरी हुई।