Ajit Pawar Death: अजीत पवार के प्लेन क्रैश का वो आखिरी खौफनाक मंजर, कुछ ही पल में आग के गोले में तब्दील हुआ विमान, देखें- वीडियो

Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को ले जा रहे विमान के आसमान से नीचे गिरने और फिर आग लगने से ठीक पहले के डरावने विजुअल्स सामने आए हैं। सड़क किनारे लगे कैमरे में रिकॉर्ड किए गए फुटेज में प्लेन तेजी से नीचे आता दिख रहा है। फिर लैंडिंग के दौरान विमान आग के गोले में तब्दील हो गया

अपडेटेड Jan 28, 2026 पर 2:39 PM
Story continues below Advertisement
Ajit Pawar Plane Crash: बुधवार सुबह करीब 8.46 पर अजीत पवार का विमान क्रैश हुआ

Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान दुर्घटना की पहली खौफनाक CCTV फुटेज सामने आई है। क्रैश वाली जगह के पास से सामने आए एक CCTV वीडियो में NCP चीफ को ले जा रहे विमान के आसमान से नीचे गिरने और फिर आग लगने से ठीक पहले के डरावने विजुअल्स सामने आए हैं। सड़क किनारे लगे कैमरे में रिकॉर्ड किए गए फुटेज में प्लेन तेजी से नीचे आता दिख रहा है। इसके बाद जमीन से टकराते ही अचानक एक तेज रोशनी होती है। लैंडिंग के दौरान विमान आग के गोले में तब्दील हो गया।

इस दर्दनाक हादसे में अजीत पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई। वीडियो में प्लेन क्रैश होते हुए साफ नजर आ रहा है। CCTV में देखा जा सकता है कि प्लेन के जमीन से टकराते ही तेज धमाका होता है। इसके बाद प्लेन आग के गोले में तब्दील हो गया। फिर काले धुएं का गुबार उठने लगा। हादसा इतना खौफनाक था कि प्लेन दो हिस्सों में टूटकर बिखर गया। पलभर में सबकुछ पूरी तरह से चकनाचूर हो गया।

एक महिला ने बताया कि बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती के पास उतरते समय विमान हवा में थोड़ा अस्थिर लग रहा था। दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद इसमें विस्फोट हुआ था। घटना के प्रत्यक्षदर्शी रहे एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई, जिसके बाद लगातार चार से पांच विस्फोट हुए।


अधिकारियों के अनुसार, 66 वर्षीय पवार और चार अन्य लोगों को लेकर जा रहा विमान सुबह आठ बजकर 46 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। महिला ने बताया कि उसने सुबह विमान को बारामती एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाते हुए देखा था।

महिला ने एक न्यूज चैनल को बताया, "हवा में एक चक्कर लगाने के बाद विमान थोड़ा अस्थिर लग रहा था और जैसे ही यह उतरने के लिए हवाई पट्टी के पास पहुंचा यह जमीन से जोर से टकराया और उसमें विस्फोट हो गया। एक जोरदार आवाज हुई जो हमारे घर तक सुनाई दी।"

उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद विमान के कई हिस्से हवा में उछले। मलबे का कुछ हिस्सा उनके घर के पास भी गिरा। उन्होंने कहा, "विमान नीचे गिरने से पहले एक तरफ झुक गया था। हमने विस्फोट देखा और यह बहुत भयावह था।" एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने भी कहा कि ऐसा लग रहा था कि उतरते समय विमान का नियंत्रण बिगड़ गया था।

उन्होंने पत्रकारों को बताया, "विमान जिस तरह से नीचे आ रहा था, हमें लग गया था कि वह दुर्घटनाग्रस्त हो जाएगा। वह हवाई पट्टी से लगभग 100 फुट ऊपर था। जैसे ही हम विमान की ओर दौड़े, हमने आग की लपटें देखीं जिसके बाद लगातार चार से पांच धमाके हुए, जिससे हमें विमान के पास नहीं गए।"

फ्लाइट की निगरानी करने वाली 'फ्लाइट रडार' के अनुसार, विमान ने मुंबई से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी और सुबह लगभग आठ बजकर 46 मिनट पर यह रडार से गायब हो गया। पवार राज्य में पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के प्रचार अभियान के तहत जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे।

ये भी पढ़ें- Ajit Pawar Death: अजीत पवार के बाद NCP का सुप्रीमो कौन? पत्नी सुनेत्रा पवार या बेटे पार्थ, किसके हाथ में होगी पार्टी की बागडोर?

पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान सुबह आठ बजकर 45 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना के वक्त उसमें पांच लोग सवार थे। SP संदीप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना के बाद आग लग गई थी। उन्होंने आगे कहा, "विमान में सवार लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।