Ajit Pawar Death: लैंडिंग के लिए क्लियरेंस मिलने के 1 मिनट बाद ही क्रैश हो गया प्लेन, अजीत पवार की मौत पर सरकार का बयान

Ajit Pawar Death: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख अजीत पवार की बुधवार (28 जनवरी) सुबह पुणे जिले के बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश के दौरान चार्टर्ड प्लेन के क्रैश होने से मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि प्लेन में सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई। इसमें पायलट और पवार के साथ के लोग शामिल थे

अपडेटेड Jan 28, 2026 पर 11:07 PM
Story continues below Advertisement
Ajit Pawar Death: अजीत पवार का अंतिम संस्कार 29 जनवरी को किया जाएगा। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है

Ajit Pawar Death: नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार को ले जा रहा मिड-साइज बिजनेस जेट 28 जनवरी की सुबह 8:44 बजे आग लगने से क्रैश होने से एक मिनट पहले लैंडिंग के लिए क्लियर किया गया था। मंत्रालय ने बारामती एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) में मौजूद व्यक्ति के बयान का हवाला देते हुए यह बयान दिया है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और चार अन्य लोगों की बुधवार सुबह पुणे जिले में बारामती एयरपोर्ट के पास विमान दुर्घटना में मौत हो गई।

मंत्रालय ने कहा कि Learjet 45 विमान को विजुअल मेट्रोलॉजिकल कंडीशन यानी उड़ने के लिए पर्याप्त विजिबिलिटी में नीचे उतरने की सलाह दी गई थी। इसमें पायलट की मर्जी से जमीन और दूसरे विमानों से विजुअल सेपरेशन बनाए रखना था। इसमें यह भी बताया गया कि विमान के क्रू ने हवा और विजिबिलिटी के बारे में पूछा।

क्रू को बताया गया कि हवा शांत है। जबकि विजिबिलिटी लगभग 3,000 मीटर थी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "इसके बाद, विमान ने रनवे 11 के फाइनल अप्रोच की रिपोर्ट दी... उन्हें रनवे दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने पहले अप्रोच में गो-अराउंड शुरू किया।"


बयान में आगे बताया गया कि गो-अराउंड के बाद एयरक्राफ्ट से उसकी पोजिशन के बारे में पूछा गया, और क्रू ने फाइनल अप्रोच की रिपोर्ट दी। फिर उनसे रनवे दिखने पर रिपोर्ट करने के लिए कहा गया। उन्होंने जवाब दिया, "रनवे अभी नहीं दिख रहा है, जब रनवे दिखेगा तो कॉल करेंगे।" फिर कुछ सेकंड बाद, उन्होंने बताया कि रनवे दिख रहा है।

इसके बाद एयरक्राफ्ट को रनवे 11 पर लैंड करने की मंजरी दे दी गई। इसमें आगे कहा गया है कि हालांकि, उन्होंने लैंडिंग क्लीयरेंस का रीडबैक नहीं दिया। इसके बाद, ATC ने 0844 IST पर रनवे 11 के थ्रेशहोल्ड के पास आग की लपटें देखीं। फिर एयरक्राफ्ट का मलबा रनवे के बाईं ओर गिरा। बयान में कहा गया है कि बारामती एक अनकंट्रोल्ड एयरफील्ड है। यहां फ्लाइंग स्कूल ATC ऑपरेट करते हैं।

मंत्रालय ने कहा कि एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने जांच अपने हाथ में ले ली है। AAIB प्रमुख जांच के लिए दुर्घटनास्थल पहुंच गए हैं। दिल्ली की VSR वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड Learjet 45 एयरक्राफ्ट को ऑपरेट करती थी। उसने क्रैश के बाद अपनी वेबसाइट बंद कर दी है।

ये भी पढ़ें- Ajit Pawar Death: 'पापा कल आपसे बात करूंगी...'; विमान हादसे में अजीत पवार के साथ जान गंवाने वाली पिंकी माली का अधूरा रह गया वादा

भारतीय वायु सेना (IAF) ने दुर्घटनास्थल पर सुरक्षित हवाई ऑपरेशन में मदद करने के लिए जरूरी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और मौसम संबंधी सेवाएं देने के लिए एक खास टीम तैनात की है। वायु सेना के अनुसार, उसने प्रशासनिक अधिकारियों के अनुरोध पर एयर वॉरियर्स की एक विशेष टीम तैनात की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।