महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने कहा है कि ऐसे समय में, जब प्रशासन को सत्ता से ऊपर उठकर काम करने की जरूरत है, अजित पवार का निधन महाराष्ट्र के लिए एक बहुत बड़ा और दुखद नुकसान है। राज ठाकरे ने कहा कि अजित पवार बेहद साफ-गोई वाले नेता थे। जो काम नहीं हो सकता था, वह साफ मना कर देते थे और जो काम संभव होता था, उसमें पूरी ताकत लगा देते थे। लोगों से झूठे वादे करना या भीड़ जुटाकर राजनीति करना उनकी शैली नहीं थी।
उन्होंने कहा कि राजनीति में सीधे और ईमानदार होने की एक कीमत चुकानी पड़ती है, और यह बात वह खुद के अनुभव से जानते हैं। बारामती में हुए विमान हादसे में NCP प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के कुछ घंटों बाद राज ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
राज ठाकरे ने लिखा, “मेरे दोस्त और राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार अब हमारे बीच नहीं रहे। महाराष्ट्र की राजनीति ने एक बेहतरीन नेता खो दिया है। अजित पवार और मैंने लगभग एक ही समय में राजनीति में कदम रखा था, हालांकि हमारी जान-पहचान बाद में हुई। लेकिन राजनीति के प्रति उनके जुनून ने उन्हें बहुत आगे पहुंचाया। पवार साहेब की परंपरा से आने के बावजूद, अजित पवार ने अपनी अलग पहचान बनाई और उसे महाराष्ट्र के हर कोने में पहुंचाया।”
उन्होंने आगे लिखा कि 1990 के दशक में महाराष्ट्र में शहरीकरण तेजी से बढ़ा। गांव अर्ध-शहरी बनने लगे, लेकिन वहां की राजनीति अब भी ग्रामीण सोच वाली थी, जबकि समस्याएं शहरी होती जा रही थीं। अजित पवार को इस तरह की राजनीति की गहरी समझ थी। पिंपरी-चिंचवड़ और बारामती इसके बड़े उदाहरण हैं। इन दोनों क्षेत्रों का विकास ऐसा था कि उनके राजनीतिक विरोधी भी इसे मानते थे।
राज ठाकरे ने कहा कि अजित पवार की प्रशासन पर मजबूत पकड़ थी और वे अटकी हुई फाइलों को निकालना अच्छी तरह जानते थे। उन्होंने लिखा, “ऐसे समय में जब प्रशासन को सत्ता से ऊपर उठना चाहिए, महाराष्ट्र ने ऐसे नेता को खो दिया, यह बेहद दुखद है।”
उन्होंने यह भी कहा कि अजित पवार की एक और खास बात यह थी कि वे जाति-भेद से पूरी तरह दूर थे और उनकी राजनीति में जाति की कोई जगह नहीं थी। आज की राजनीति में ऐसे नेता बहुत कम होते जा रहे हैं, और अजित पवार उनमें सबसे आगे थे।
राज ठाकरे ने लिखा कि राजनीति में विरोध व्यक्तिगत नहीं, बल्कि राजनीतिक होना चाहिए। एक-दूसरे पर जहरीली टिप्पणी को निजी तौर पर न लेने वाले नेता अब कम होते जा रहे हैं। ऐसे उदार विरोधियों का लगातार राजनीति से जाना, महाराष्ट्र की अच्छी राजनीतिक परंपरा के लिए बड़ा नुकसान है।
आखिर में उन्होंने कहा, “मैं और मेरा परिवार पवार परिवार के दुख में उनके साथ हैं। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से अजित पवार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि।”