Pahalgam Attack: 'अमेरिका भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करता है'; राजनाथ सिंह और अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ ने पहलगाम हमले पर की चर्चा

Pahalgam Terror Attack: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ फोन पर बातचीत के दौरान अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका भारत के साथ एकजुटता से खड़ा है और आत्मरक्षा के भारत के अधिकार का समर्थन करता है। हेगसेथ ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में अमेरिकी सरकार का मजबूत समर्थन व्यक्त किया

अपडेटेड May 01, 2025 पर 7:16 PM
Story continues below Advertisement
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई।

Pahalgam Terror Attack: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार (1 मई) को अपने अमेरिकी समकक्ष पीट हेगसेथ से बातचीत की। फोन पर हुई बातचीत के दौरान पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र हुआ। इस दौरान हेगसेथ ने भारत के आत्मरक्षा के अधिकार और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका के मजबूत समर्थन को दोहराया। राजनाथ सिंह से बातचीत में अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ ने पहलगाम हमले में हुई मौतों पर गहरी संवेदना व्यक्त की। भारतीय रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि राजनाथ सिंह ने फोन पर पाकिस्तान की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का आतंकवादी संगठनों को ट्रेनिंग देने का इतिहास रहा है।

हेगसेथ ने राजनाथ सिंह के साथ फोन पर बातचीत के दौरान कहा, "अमेरिका भारत के साथ एकजुटता से खड़ा है और आत्मरक्षा के भारत के अधिकार का समर्थन करता है।" पीट हेगसेथ ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में अमेरिकी सरकार का मजबूत समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए आतंकवाद के जघन्य कृत्यों की स्पष्ट रूप से निंदा करना और उन्हें उजागर करना महत्वपूर्ण है।

रक्षा मंत्री का कार्यालय ने X पोस्ट में कहा, "अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बात की और जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए नृशंस आतंकी हमले में निर्दोष नागरिकों की दुखद मौत पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका भारत के साथ एकजुटता से खड़ा है और भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करता है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में अमेरिकी सरकार के मजबूत समर्थन को दोहराया।"


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को पहलगाम हमले में संलिप्त हर आतंकवादी को ढूंढ़ने का संकल्प जताया। उन्होंने कहा कि उन सभी को इस जघन्य कृत्य के लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा। शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार किसी भी आतंकवादी को नहीं बख्शेगी। उन्होंने नई दिल्ली में असम के बोडो समुदाय के प्रमुख नेता उपेंद्र नाथ ब्रह्मा की प्रतिमा का अनावरण और एक सड़क के नामकरण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही।

गृह मंत्री ने कहा, "पहलगाम में जिस किसी ने भी यह कायरतापूर्ण हमला किया है, हम किसी को भी नहीं छोड़ेंगे। हम हर दोषी को ढूंढ निकालेंगे।" गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार आतंकवादियों के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर चल रही है। उन्होंने कहा, "अगर कुछ लोग सोचते हैं कि इस तरह का कायराना हमला करके वे बच जाएंगे, तो वो गलत हैं। यह नरेन्द्र मोदी की सरकार है। हम किसी को नहीं छोड़ेंगे।"

ये भी पढ़ें- Arshad Nadeem: पाकिस्तानी ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अरशद नदीम का इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में ब्लॉक, पाक अभिनेताओं पर भी एक्शन

शाह ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सरकार की लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक कि यह खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता। उन्होंने कहा, "यह मत सोचो कि 26 लोगों को मारकर तुम जीत गए हो। तुम में से हर किसी को जवाबदेह ठहराया जाएगा।"दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के लोकप्रिय पर्यटन शहर पहलगाम के पास बैसरन में 22 अप्रैल को आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में 26 लोग मारे गए थे। जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।