'बांग्लादेशी घुसपैठियों को खदेड़ने वाली सरकार चुने जनता'; असम में कांग्रेस पर बरसे अमित शाह

Amit Shah In Assam: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार (29 दिसंबर) को असम की जनता से अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में घुसपैठ के खिलाफ और राज्य के विकास के पक्ष में काम करने वाली सरकार चुनने का आग्रह किया। उन्होंने कांग्रेस पर 'वोट बैंक' की राजनीति के लिए घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया

अपडेटेड Dec 29, 2025 पर 9:21 PM
Story continues below Advertisement
Amit Shah In Assam: अमित शाह ने कहा कि अवैध 'बांग्लादेशी प्रवासियों से असमिया लोगों की पहचान को खतरा उत्पन्न हो गया है

Amit Shah In Assam: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार (29 दिसंबर) को आरोप लगाया कि कांग्रेस असम के लोगों, उनकी संस्कृति, जमीन और पहचान के लिए खतरा पैदा करने वाले बांग्लादेशी घुसपैठियों को अपना वोट बैंक मान रही है। गृह मंत्री ने असम की जनता से अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में घुसपैठ के खिलाफ और राज्य के विकास के पक्ष में काम करने वाली सरकार चुनने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस पर 'वोट बैंक' की राजनीति के लिए घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

शाह ने राज्य में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रकेवल असम, बल्कि पूरे भारत में पड़ोसी देश से आए सभी अवैध प्रवासियों की पहचान करेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि 1983 में अवैध प्रवासी (ट्रिब्यूनल द्वारा निर्धारण) (IMDT) एक्ट के लागू होने से घुसपैठियों को कानूनी संरक्षण प्राप्त हुआ। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने इस कानून को निरस्त कर दिया था।

गृहमंत्री ने आगे कहा, "मैं बतद्रवा की पवित्र भूमि से असम की जनता को आश्वस्त करता हूं कि BJP सरकार सभी बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजेगी।" उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों के प्रभाव में राज्य के लोगों की सांस्कृतिक पहचान धीरे-धीरे कमजोर हो रही है।

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल असमिया लोगों की सांस्कृतिक पहचान की सुरक्षा सुनिश्चित की है। बल्कि राज्य के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान दिया है।" शाह ने कहा, "कांग्रेस सरकार इतने लंबे समय तक सत्ता में रही। लेकिन उसने घुसपैठ के खिलाफ असम आंदोलन के शहीदों की याद में कुछ नहीं किया। केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकारों के प्रयासों के कारण ही इस महीने राष्ट्र को इतना भव्य स्मारक समर्पित किया गया है।"

शहीदों को दी श्रद्धांजलि

गृह मंत्री ने गुवाहाटी के 'शहीद स्मारक क्षेत्र' में अवैध अप्रवासियों के खिलाफ असम आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राज्य में BJP के पिछले 10 वर्षों के शासन को‘स्वर्ण युग’ माना जाएगा। उन्होंने कहा, "नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने के बाद से पिछले 11 वर्षों में पूर्वोत्तर में 80 बार और असम में 36 बार आ चुके हैं।"


पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए शाह ने दावा किया, "कांग्रेस असम की जनता के कल्याण की बात करती है, जिसने उन्हें 12 साल के लिए राज्यसभा भेजा था। लेकिन वह राज्य में केवल सात बार आए, जिनमें से दो बार वह नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए आए थे"

उन्होंने आरोप लगाया, "उनके (मनमोहन सिंह) लिए असम का विकास, संस्कृति और शांति महज कहने की बात थी, क्योंकि राज्य वर्षों तक विभिन्न आंदोलनों और हिंसा से पीड़ित रहा है।" शाह ने दावा किया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली UPA सरकार के शासनकाल में असम को 10 वर्षों में केवल 1,28,000 करोड़ रुपये मिले। लेकिन PM मोदी ने 2014 से असम के विकास के लिए 15 लाख करोड़ रुपये दिए हैं।

'बतद्रवा थान' का किया उद्घाटन

अमित शाह ने कहा, "कांग्रेस और BJP के बीच यह अंतर है। वे (कांग्रेस नेता) भाषण देते हैं। लेकिन BJP काम करती है।" गृह मंत्री ने नगांव जिले में 227 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित किए गए वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान, बतद्रवा थान का उद्घाटन किया। शाह ने कहा कि श्रीमंत शंकरदेव की जन्मभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना एक ऐतिहासिक अवसर है।

उन्होंने कहा, "शंकरदेव का जन्मस्थान घुसपैठियों के कब्जे में था। लेकिन आज यह अतिक्रमणकारियों से मुक्त हो चुका है। अब यह स्थान विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल में परिवर्तित हो गया है।" उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बांग्लादेशी घुसपैठियों से एक लाख बीघा से अधिक जमीन मुक्त कराई है।"

ये भी पढे़ं- Angel Chakma Murder: त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या मामले में नया मोड़, उत्तराखंड पुलिस को नहीं मिला नस्लीय एंगल

उन्होंने रैली में उपस्थित लोगों से कहा, "BJP को असम को घुसपैठियों से मुक्त करने के लिए पांच साल का और समय दीजिए। हम न केवल असम, बल्कि पूरे भारत में सभी बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान करेंगे।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।