बनारस से पुणे और अयोध्या से मुंबई, यूपी को मिलीं 2 नई अमृत भारत एक्सप्रेस, रूट्स-टाइमिंग सब जानिए

यह ट्रेन काशी विश्वनाथ धाम और महाराष्ट्र के शिक्षा एवं आईटी हब पुणे के बीच एक सीधी और सस्ती कनेक्टिविटी देने जा रही है। इसका फायदा वो हजारों छात्र, आईटी पेशेवरों और कामगार उठा सकते हैं, जो यूपी से महाराष्ट्र जाते हैं

अपडेटेड Apr 27, 2026 पर 8:03 PM
Story continues below Advertisement
भारतीय रेलवे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए दो नए रूटों पर अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू कर रहा है।

भारतीय रेलवे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए दो नए रूटों पर अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू कर रहा है। ये ट्रेनें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को आपस में जोड़ेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल 2026 को इन दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही देश में कुल संचालित अमृत भारत ट्रेनों की संख्या बढ़कर 66 हो जाएगी।

1. बनारस-पुणे (हडपसर) अमृत भारत एक्सप्रेस (दैनिक सेवा)

यह ट्रेन काशी विश्वनाथ धाम और महाराष्ट्र के शिक्षा एवं आईटी हब पुणे के बीच एक सीधी और सस्ती कनेक्टिविटी देने जा रही है। इसका फायदा वो हजारों छात्र, आईटी पेशेवरों और कामगार उठा सकते हैं, जो यूपी से महाराष्ट्र जाते हैं।


रूट और स्टॉपेज: यह ट्रेन बनारस से चलकर ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति (भोपाल), नर्मदापुरम, इटारसी, हरदा, खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव (शिरडी के लिए), अहिल्यानगर और दौंड होते हुए हडपसर (पुणे) पहुंचेगी। यह करीब 30 घंटे में अपना सफर पूरा करेगी। खास बात यह है कि यह ट्रेन शिरडी साईं बाबा के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी एक सीधा रास्ता खोलेगी।

2. अयोध्या-मुंबई (LTT) अमृत भारत एक्सप्रेस (साप्ताहिक सेवा)

राम मंदिर के दर्शन के लिए देश भर से उमड़ रही भीड़ को देखते हुए यह ट्रेन अयोध्या को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से जोड़ेगी।

रूट और स्टॉपेज: अयोध्या कैंट से रवाना होकर यह ट्रेन सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मानिकपुर, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, जलगांव, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे होते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) पहुंचेगी। यह सफर लगभग 28 घंटे में पूरा होगा। यह ट्रेन पूर्वी उत्तर प्रदेश के उन लाखों प्रवासियों के लिए सबसे बड़ा सहारा बनेगी जो काम के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं।

अमृत भारत एक्सप्रेस में क्या है खास?

अमृत भारत ट्रेनें विशेष रूप से कम और मध्यम आय वाले परिवारों के लिए डिजाइन की गई हैं। इसकी कुछ खास विशेषताएं यहां नीचे देखी जा सकती हैं-

  • पुश-पुल टेक्नोलॉजी: ट्रेन के दोनों सिरों पर इंजन (लोकोमोटिव) होते हैं, जिससे ट्रेन को गति पकड़ने और रुकने में कम समय लगता है और सफर झटकों से मुक्त होता है।
  • कोच कंपोजिशन: यह पूरी तरह से नॉन-एसी (Non-AC) ट्रेन है, जिसमें जनरल और स्लीपर क्लास के डिब्बे होते हैं।
  • आधुनिक सुविधाएं: सीटों और बर्थ का डिजाइन वंदे भारत स्लीपर से प्रेरित है। इसमें सीसीटीवी कैमरे, इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम, पैंट्री, और दिव्यांगजनों के अनुकूल सुविधाएं दी गई हैं।
  • डिजिटल चार्जिंग: हर बर्थ पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट के साथ-साथ USB टाइप-A और टाइप-C पोर्ट की सुविधा दी गई है।
  • सुरक्षा: दुर्घटना की स्थिति में बचाव के लिए इसमें 'क्रैशवर्दी' कोच डिजाइन और एयरोसोल-आधारित अग्निशमन प्रणाली का इस्तेमाल किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।