जयपुर के हाथी गांव में मनाया जाएगा अनंत अंबानी का जन्मदिन, हाथियों के लिए 3000 किलो फलों का होगा 'दावत-ए-खास'

Anant Ambani Birthday: अनंत अंबानी का जानवरों के प्रति लगाव जगजाहिर है, खासकर हाथियों के संरक्षण के लिए उन्होंने 'वनतारा' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के जरिए करोड़ों का योगदान दिया है। इसी समर्पण को देखते हुए हाथी गांव के लोगों ने उनके जन्मदिन को यादगार बनाने की पहल की है

अपडेटेड Apr 09, 2026 पर 12:05 PM
Story continues below Advertisement
इस दौरान हाथियों की देखभाल करने वाले महावतों का भी सम्मान किया जाएगा

Anant Ambani Birthday Celebration: जयपुर का प्रसिद्ध हाथी गांव आज एक बेहद अनूठे और भव्य आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। दरअसल अनंत अंबानी का जन्मदिन आज यहां हाथियों के साथ खास अंदाज में मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम न केवल एक सेलिब्रेशन है, बल्कि बेजुबान जानवरों के प्रति सेवा और संवेदनशीलता का एक बड़ा संदेश भी है।

हाथी काटेंगे केक और सजेगा 3000 किलो का फ्रूट बुफे

दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस उत्सव का मुख्य आकर्षण 'केक कटिंग सेरेमनी' होगी, जिसमें हाथी बाबू और हथिनी पुष्पा व चंदा अपनी सूंड से केक काटकर जश्न की शुरुआत करेंगे। हाथियों के लिए विशेष तौर पर 3000 किलो का फ्रूट बुफे तैयार किया गया है। इस शाही दावत में हाथियों की पसंद के फल जैसे केला, सेब, तरबूज, गन्ना, पपीता और गुड़ शामिल होंगे। हाथी गांव विकास समिति के अनुसार, यह सुनिश्चित किया गया है कि गांव के सभी 100 से अधिक हाथियों को यह पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन पर्याप्त मात्रा में मिले।


महावतों को दिया जाएगा सम्मान

अनंत अंबानी का जानवरों के प्रति लगाव जगजाहिर है, खासकर हाथियों के संरक्षण के लिए उन्होंने 'वनतारा' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के जरिए करोड़ों का योगदान दिया है। इसी समर्पण को देखते हुए हाथी गांव के लोगों ने उनके जन्मदिन को यादगार बनाने की पहल की है। इस मौके पर हाथियों को पारंपरिक राजस्थानी साज-सज्जा से सजाया गया है। साथ ही, हाथियों की देखभाल करने वाले महावतों का भी सम्मान किया जाएगा, जिन्हें राशन किट, कपड़े और जूते जैसे उपयोगी उपहार भेंट किए जाएंगे।

पर्यटन के साथ संस्कृति का होगा संगम

हाथी गांव को 2010 में हाथियों और महावतों के स्थायी बसेरे के रूप में विकसित किया गया था। आज होने वाले इस अनोखे जश्न को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों के पहुंचने की भी उम्मीद है। प्रशासन और आयोजकों ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि हाथियों को कोई असुविधा न हो और लोग दूर से ही इस भव्य आयोजन का आनंद ले सकें। यह आयोजन आधुनिक उद्योग जगत और प्रकृति के बीच के मजबूत जुड़ाव को प्रदर्शित करता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।