Angel Chakma Murder: 'मैं आहत हूं...'; केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या पर जताया दुख, बोले- 'राजनीति नहीं होनी चाहिए'

Angel Chakma Murder Case: मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार (29 दिसंबर) को कहा कि त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या से वह बहुत आहत हैं। MBA छात्र एंजेल चकमा पर 9 दिसंबर को देहरादून में बदमाशों के एक ग्रुप ने चाकू और अन्य हथियारों से हमला किया था। बाद में इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई

अपडेटेड Dec 29, 2025 पर 6:44 PM
Story continues below Advertisement
Angel Chakma Murder Case: 24 वर्षीय छात्र एंजेल चकमा की हत्या के बाद राजनीति तेज हो गई है

Angel Chakma Murder Case: केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार (29 दिसंबर) को त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की बेरहमी से हुई हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। CNN News18 से बात करते हुए रिजिजू ने कहा, "यह नॉर्थ ईस्ट या कानून-व्यवस्था का मामला नहीं है। इस देश में किसी भी भारतीय के साथ, कहीं भी नस्लीय भेदभाव क्यों किया जाना चाहिए या उसका मजाक क्यों उड़ाया जाना चाहिए?"

उन्होंने कहा कि चकमा की हत्या से वह बहुत आहत हैं। MBA छात्र एंजेल चकमा पर 9 दिसंबर को देहरादून में बदमाशों के एक ग्रुप ने चाकू और अन्य हथियारों से हमला किया था। बाद में इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

बेरहमी से हुई हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए रिजिजू ने कहा, "मुझे दुख हुआ है। लेकिन यह नॉर्थ ईस्ट या कानून-व्यवस्था का मामला नहीं है। इस देश में किसी भी भारतीय को कहीं भी नस्लीय तौर पर गाली क्यों दी जानी चाहिए या उसका मजाक क्यों उड़ाया जाना चाहिए?"


उन्होंने आगे कहा, "दिल्ली मॉडल को पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए। यहां नॉर्थ ईस्ट के लोगों को एक डेडिकेटेड सेल बनने के बाद तेजी से न्याय मिलता है। ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।"

धामी ने एंजेल के पिता से की बात

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को एंजेल चकमा के पिता से फोन पर बातचीत की। सीएम ने उन्हें उनके बेटे के आरोपियों को सख्त सजा दिलाने का आश्वासन दिया। धामी ने तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बातचीत में एंजेल की हत्या पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस घटना से वह व्यक्तिगत तौर पर दुखी हैं। उनके परिवार के दुख को समझ सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में देश विदेश के बच्चे पढ़ाई करने के लिए आते हैं और यहां कभी भी इस प्रकार का माहौल नहीं रहा।

उन्होंने कहा, "इसलिए यह घटना हम सबके लिए भी कष्टपूर्ण है।" धामी ने कहा कि सरकार इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने तरुण प्रसाद चकमा को जानकारी दी कि घटना के संबंध में पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जबकि एक अन्य आरोपी के नेपाल भागने की आशंका है। उस पर इनाम घोषित करते हुए उसे भी गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पीएम मोदी को सीएम ने दी जानकारी

मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि घटना के संबंध में उनकी त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी बात हुई है। धामी ने जोर देकर कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि परिवार की सहायता के लिए वह डॉ साहा से बातचीत करेंगे। साथ ही उत्तराखंड सरकार भी परिवार की हर संभव सहायता करेगी।

ये भी पढ़ें- Angel Chakma Murder Case: 'सबसे कड़ी सजा दिलाएंगे'; उत्तराखंड CM ने एंजेल चकमा के पिता से की बात, राहुल गांधी ने BJP पर बोला हमला

देहरादून के एक प्राइवेट विश्वविद्यालय में MBA फाइनल ईयर के 24 वर्षीय छात्र एंजेल चकमा को 9 दिसंबर को कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर चाकू और कड़े से वार कर गंभीर रूप रूप से घायल कर दिया गया था। अस्पताल में 17 दिन तक भर्ती रहने के बाद 26 दिसंबर को उसकी मौत हो गई थी ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।