Apna Ghar : पूरे देश में दिन-रात अपनी सेवाएं देने वाली बस-टैक्सी और ट्रक ड्राइवरों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। सरकार ने ट्रक चालकों की सुविधा के लिए एक नई योजना ‘अपना घर’ की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य यह है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करते समय ड्राइवरों को सुरक्षित और सस्ती जगह पर आराम करने की सुविधा मिले। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि यह पहल सड़क हादसों को कम करने और ट्रक चालकों की कामकाजी स्थिति को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। इस योजना के तहत देशभर के 250 पेट्रोल पंपों पर ये सुविधाएं शुरू की जाएंगी।
मिलेंगी ये शानदार सुविधाएं
'अपना घर' में ड्राइवरों के लिए एयर कंडीशनर वाले कमरे, सोने के लिए बिस्तर, वाहन पार्क करने की जगह, शौचालय, गर्म और ठंडे पानी वाले बाथरूम, खाने की व्यवस्था और खुद खाना पकाने के लिए जगह जैसी बुनियादी सुविधाएं होंगी। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को एक ट्वीट में ‘अपना घर’ योजना की घोषणा करते हुए बताया कि राजमार्गों पर होने वाली अधिकतर दुर्घटनाएं ड्राइवरों को ठीक से आराम और नींद न मिलने के कारण होती हैं। उन्होंने कहा, “हाईवे पर तैयार किए गए AC ‘अपना घर’ ड्राइवरों की इस बड़ी परेशानी का समाधान साबित हो रहे हैं। इन जगहों पर उन्हें खाने की सुविधा, खुद खाना बनाने की जगह, साफ-सुथरे एसी कमरे, वाईफाई, किचन, ढाबा और पेट्रोल पंप जैसी सभी जरूरी सुविधाएं मिलेंगी।”
अपना घर का किराया बहुत ही कम रखा गया है। ड्राइवरों को 8 घंटों का किराया सिर्फ 112 रुपये देना होग। देश का यह पहला एक्सप्रेसवे है जहां पर बस-कैब-ट्रक ड्राइवरों को कम दाम में साफ-सुथरे एसी कमरे, वाईफाई, किचन, ढाबा और पेट्रोल पंप की सुविधा मिल सकेगी। खास बात यह है कि अगर ड्राइवर किसी तय ईंधन स्टेशन पर 50 लीटर या उससे ज़्यादा डीज़ल भरवाते हैं, तो उन्हें यह सुविधा बिल्कुल मुफ़्त मिलेगी। ड्राइवर यह सुविधा मोबाइल ऐप या सीधे ‘अपना घर’ पहुंचकर भी बुक कर सकते हैं।
लंबी दूरी का सफर अब और भी होगा आसान
अब ट्रक ड्राइवर ‘अपना घर’ विश्राम केंद्रों की सुविधा मोबाइल ऐप के ज़रिए या मौके पर पहुंचकर सीधे ले सकते हैं। यह खास पहल लंबी दूरी तय करने वाले ड्राइवरों के लिए की गई है ताकि उन्हें सफर के दौरान आराम मिल सके। सरकार इस योजना को पूरे देश में लागू कर रही है। शुरुआत उन जगहों से हो रही है जहां मालवाहक ट्रकों की आवाजाही ज़्यादा है, जैसे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जैसे व्यस्त हाईवे। सड़क परिवहन मंत्रालय ने बताया कि ड्राइवरों की थकान कई सड़क हादसों की बड़ी वजह है। ‘अपना घर’ इसी समस्या का हल देने की कोशिश है—ऐसी सुविधा जो कारगर भी हो और देशभर में आसानी से लागू की जा सके।
'अपना घर' को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बनाया है और इन्हें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) चला रहा है।