असम में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो चुका है। 8 अप्रैल को राज्य के सभी 122 सीटों पर मतदान हुआ। वहीं इस बार असम के विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड वोटिंग हुई है। चुनाव आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, असम में कुल 85.17% मतदान दर्ज किया गया है। कुछ इलाकों में खराब मौसम के बावजूद, कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं। यह राज्य में पिछले चार विधानसभा चुनावों में दर्ज किया गया अब तक का सबसे अधिक मतदान है।
बीते विधानसभा में हुई थी इतनी वोटिंग
पिछले असम विधानसभा चुनाव में तीन चरणों में वोटिंग संपन्न हुई थी। पहले चरण में 79.93 फीसदी मतदान हुआ था, दूसरे चरण में 80.96 फीसदी और तीसरे चरण में 85.20 फीसदी। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक वोटिंग का कुल आंकड़ा 82.04 फीसदी था।
राज्य के कई इलाकों में इस चरण में अच्छी खासी वोटिंग हुई, खासकर ऊपरी और निचले असम के कुछ हिस्सों में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ऊपरी असम के जोरहाट, डिब्रूगढ़ और शिवसागर जैसे विधानसभा क्षेत्रों में सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिला। इन इलाकों में पहले से ही मतदान में लोगों की भागीदारी ज्यादा रहती है, और इस बार भी वही रुझान देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी लाइनें लगी रहीं और लोगों ने उत्साह के साथ अपने वोट का इस्तेमाल किया।
सबसे ज्यादा मतदान वाले जिले
जिलों की बात करें तो दक्षिण सलमारा-मनकाचर में सबसे ज्यादा 95.13% मतदान हुआ, जबकि पश्चिम कार्बी आंगलोंग में सबसे कम 74.31% वोटिंग दर्ज की गई। विधानसभा क्षेत्रों में बोंगाईगांव जिले के सिरजंग्राम में सबसे ज्यादा 95.49% मतदान हुआ। वहीं, जालुकबारी विधानसभा क्षेत्र में 81.54% मतदान दर्ज किया गया। इस सीट से बीजेपी के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस की बिदिशा नियोग से है।
इन सीटों पर भी थी सबकी नजर
एक और अहम सीट जिस पर सबकी नजर थी, वह दिसपुर रही। यहां कांग्रेस की मीरा बोरठाकुर और भाजपा के प्रद्युत बोरदोलोई के बीच मुकाबला हुआ। इस सीट पर कुल 74.45% मतदान दर्ज किया गया। वहीं, जोरहाट में एक हाई-प्रोफाइल त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला। यहां कांग्रेस के गौरव गोगोई, भाजपा के हितेंद्र नाथ गोस्वामी और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार आमने-सामने थे। इस विधानसभा क्षेत्र में 78.26% मतदान हुआ।
जलुकबाड़ी सीट बीते चार चुनाव के नतीजे
2006 - 75.8% वोटिंग, जीत - हिमंता (कांग्रेस)
2011 - 77.47% वोटिंग, जीत - हिमंता (कांग्रेस)
2016 - 85.18% वोटिंग, जीत - हिमंता (बीजेपी)
2021 - 82.34% वोटिंग , जीत - हिमंता (बीजेपी)