असम विधानसभा चुनाव 2026 के संपन्न होते ही विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ गए हैं। पोल ऑफ पोल्स (Poll of Polls) के आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि राज्य में एक बार फिर भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) की सरकार बनने जा रही है। ये आंकड़े मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और कांग्रेस नेता गौरव गोगोई, दोनों के लिए चौंकाने वाले हो सकते हैं, क्योंकि कई एजेंसियां एनडीए को भारी बहुमत मिलने का अनुमान लगा रही हैं। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए आए एग्जिट पोल के रुझान राज्य में लगातार तीसरी बार भाजपा गठबंधन की वापसी की ओर इशारा कर रहे हैं। लगभग सभी प्रमुख सर्वे एजेंसियों ने एनडीए को बहुमत के आंकड़े से काफी आगे रखा है।
प्रमुख एजेंसियों के एग्जिट पोल का अनुमान
असम की सत्ता को लेकर एक्सिस माय इंडिया (Axis My India) ने एनडीए को सबसे आगे रखते हुए 88 से 100 सीटें मिलने का अनुमान जताया है, जबकि कांग्रेस को 24 से 36 सीटों के बीच सीमित रखा है। जेवीसी (JVC) के आंकड़े भी इसी पैटर्न पर हैं, जहां एनडीए को 88 से 101 सीटें, कांग्रेस गठबंधन को 23 से 33 सीटें और एआईयूडीएफ (AIUDF) को 2 सीटें मिलने की बात कही गई है। इसी क्रम में चाणक्य स्ट्रैटेजीज (Chanakya Strategies) ने एनडीए के लिए 88 से 98 सीटें और कांग्रेस के लिए 22 से 32 सीटों का अनुमान लगाया है। मैट्रिज (Matrize) ने एनडीए को 85 से 95 और विपक्षी गठबंधन को 25 से 32 सीटें दी हैं, जबकि पी-मार्क (P-Marq) ने एनडीए को 85 से 95 और कांग्रेस+ को 30 से 40 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की है।
वोटवाइब (VoteVibe) का डिटेल एनालिसिस क्या कहता है?
सीएनएन-न्यूज18 पर जारी वोटवाइब (VoteVibe) के आंकड़ों के अनुसार, एनडीए को 90 से 100 सीटें मिल सकती हैं। इसका औसत अनुमान 95 सीटों का है। अगर परिणाम के दिन ऐसे ही नतीजे आए तो यह हिमंता बिस्व सरमा के नेतृत्व में बीजेपी की लैंडस्लाइड जीत कही जाएगी। इस एग्जिट पोल में भाजपा अपने दम पर 72 से 78 सीटें जीतकर बहुमत पा सकती है। इस गठबंधन में उसके सहयोगी दल बीपीएफ (BPF) और एजीपी (AGP) को भी 9-11 सीटें मिलने की उम्मीद है। दूसरी ओर, कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया (INDIA) ब्लॉक को 23 से 33 सीटें मिलने का अनुमान है। एआईयूडीएफ (AIUDF) को मात्र 0 से 6 सीटें मिलने की बात कही गई है।
वोट शेयर और क्षेत्रीय समीकरण
वोट शेयर के मामले में एनडीए को 46.1% और कांग्रेस गठबंधन को 41.2% मिलने का अनुमान है, जबकि एआईयूडीएफ (AIUDF) के खाते में 2.8% वोट जा सकते हैं। क्षेत्रीय आधार पर देखें तो ऊपरी असम की 35 सीटों में से एनडीए को 29-31 सीटें मिल सकती हैं। निचला असम की 44 सीटों में भी एनडीए 29-31 सीटों के साथ मजबूत दिख रहा है। मध्य असम की 19 सीटों में से 13-15 सीटें और उत्तरी असम की 15 में से 12-14 सीटें एनडीए के पक्ष में जा सकती हैं। बराक घाटी में मुकाबला कड़ा है, जहां एनडीए को 7-9 और विपक्ष को 4-6 सीटें मिलने का अनुमान है।
सीएम की पसंद में कौन कहां?
मुख्यमंत्री पद के लिए हिमंता बिस्वा सरमा 51.2% लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं, जबकि गौरव गोगोई 37.2% के साथ दूसरे स्थान पर हैं। सामाजिक समीकरणों की बात करें तो मुस्लिम मतदाताओं का भारी समर्थन (73.7%) गौरव गोगोई के पक्ष में है। वहीं, अनुसूचित जाति (SC) के 76.3% और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 67.5% मतदाता सरमा के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। इसके अलावा, सवर्ण हिंदुओं का भी 73.8% समर्थन सरमा के पक्ष में जाता दिख रहा है।
असम में एग्जिट पोल के आंकड़े ऐतिहासिक रूप से सटीक रहे हैं। 2021 के चुनावों में एक्सिस माय इंडिया ने एनडीए को 75-85 सीटें दी थीं और वास्तविक नतीजों में एनडीए ने 75 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। इस बार के 'पोल ऑफ पोल्स' संकेत दे रहे हैं कि एनडीए अपनी पिछली जीत का रिकॉर्ड तोड़ते हुए और भी बड़ी जीत की ओर अग्रसर है।