Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को एक बार फिर झटका लगा है। दिग्गज नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान और उनके बेटे और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खान की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। दरअसल, लंबे समय से चल रहे पैन कार्ड मामले में दोषी पाए गए दोनों नेताओं को अदालत से कोई राहत नहीं मिली है।
बता दें कि आज यानी 20 अप्रैल,2026 को रामपुर की MP-MLA कोर्ट ने आजम खान और उनके बेटे से जुड़े मामले की सुनवाई करते हुए उनकी सजा के खिलाफ दाखिल अपील को खारिज कर दिया है। इससे पहले एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट ने दोनों को दो पैन कार्ड रखने के मामले में दोषी करार देते हुए 7-7 साल की जेल की सजा सुनाई थी और साथ ही 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया था।
मजिस्ट्रेट कोर्ट के फैसले के बाद ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान और बेटे अब्दुल्ला आजम को रामपुर जेल भेज दिया गया था, जहां वे फिलहाल बंद हैं। उन्होंने सजा से राहत पाने के लिए सेशन कोर्ट में अपील की थी, लेकिन वहां से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली। आजम खान के सियासी कद को देखते हुए उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है।
दरअसल, यह पूरा मामला आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम के दो पैन कार्ड रखने से जुड़ा है, जिसे लेकर अदालत ने उन्हें फटकार भी लगाई थी। फिलहाल, सेशन कोर्ट के इस फैसले से साफ हो गया है कि दोनों को अभी जेल में ही सजा काटना होगा।