बारिश ने किया बेंगलुरु के लोगों का हाल बेहाल, इन कंपनियों ने अपने कर्मचारियों के लिए किया बड़ा ऐलान

Bengaluru News: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और कर्नाटक सरकार के अनुसार, बेंगलुरु में दो दिनों में लगभग 240 मिमी बारिश दर्ज की गई। भयंकर बारिश की वजह से शहर में बाढ़ जैसे हालत बन गए

अपडेटेड May 20, 2025 पर 7:20 PM
Story continues below Advertisement
भारी बारिश की चेतावनी के बीच इंफोसिस ने बेंगलुरु के कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी

Bengaluru Rain: बेंगलुरु में बीते दिन भारी बारिश हुई। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने जन-जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश से आलम ये हो गया कि कई रिहायशी इलाकों में बाढ़ जैसी स्थित बन गई। अंडरपास लबालब हो गए जिससे उन्हें बंद करना पड़ा, फ्लाईओवर पानी से भर गए।शहर की 20 से ज्यादा झीलें ओवरफ्लो हो रही है। कुल मिलाकर बारिश से पूरा बेंगलुरु शहर कराह उठा है। शहर की ऐसी स्थिति में कई कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को घर से काम (WFH) का विकल्प दिया है। खराब मौसम के बीच अपने कर्मचारियों के लिए कंपनियों की तरफ से अच्छी पहल है। बता दें कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बेंगलुरु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है और अगले 24 घंटों में शहर में लगातार बारिश का अनुमान लगाया है।

कॉग्निजेंट के बाद इंफोसिस ने दिया वर्क फ्रॉम होम

भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर भारत की दूसरी सबसे बड़ी टेक्नॉलजी फर्म इंफोसिस ने कर्मचारियों को 21 मई, 2025 को घर से काम (WFH) करने का विकल्प दिया है। मनीकंट्रोल द्वारा देखे गए कंपनी के एक मेल में कर्मचारियों को सूचित किया गया कि, ' शहर में बारिश के मौसम के मद्देनजर, सभी कर्मचारी अपने मैनेजरों के साथ बातचीत करके बुधवार (21 मई, 2025) को घर से काम करने का विकल्प चुन सकते हैं।' इंफोसिस से पहले अमेरिका आईटी फर्म कॉग्निजेंट टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस ने 20 मई को वर्क फ्रॉम होम को अनिवार्य कर दिया था। बता दें कि इस फर्म के बेंगलुरु ऑफिस में करीब 40000 कर्मचारी काम करते हैं।

दो दिनों में करीब 240 मिमी हुई बारिश

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और कर्नाटक सरकार के अनुसार, बेंगलुरु में दो दिनों में लगभग 240 मिमी बारिश दर्ज की गई। रविवार, 18 मई को शहर में 104 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस भयंकर बारिश की वजह से शहर में बाढ़ जैसे हालत बन गए है। 20 मई को बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने जल भराव के कारण सिल्क बोर्ड और रूपेना अग्रहारा के बीच होसुर रोड के एक हिस्से को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक बंद कर दिया। कोरमंगला, एचएसआर लेआउट, बीटीएम लेआउट और मराठाहल्ली जैसे प्रमुख इलाकों में भारी बारिश से मुख्य सड़कें और अंडरपास जलमग्न हो गए।

खराब वाटर मैनेजमेंट के लिए सरकार को बनाया जा रहा निशाना


बेंगलुरु शहर के खराब प्रबंधन के लिए सोशल मीडिया पर राज्य सरकार को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। विपक्षी पार्टियां भी सिद्धारमैया सरकार को कटघरे में खड़ा कर रही है। वैसे यह पहली बार नहीं है जब शहर की हालत खराब हुई हो। पिछले साल भी बेंगलुरु की स्थिति कुछ ऐसी ही थी। बारिश से शहर के हालत बिगड़ने पर बेंगलुरु सेंट्रल के बीजेपी सांसद पीसी मोहन ने 19 मई को कंपनियों से आग्रह किया कि वे बारिश को देखते हुए दो दिन घर से काम करने की घोषणा करें। सांसद ने एक्स पर लिखा, 'इंफोसिस सहित बेंगलुरु की सभी कंपनियों को बारिश के कारण दो दिन घर से काम करने की घोषणा करनी चाहिए।'

शहर के बुनियादी ढांचे में खामियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और बेंगलुरु विकास मंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि, राज्य सरकार बेंगलुरु के दीर्घकालिक, टिकाऊ समाधानों पर फोकस कर काम कर रही है। उन्होंने कहा, 'हमें ये बात मालूम होनी चाहिए कि आज हम जिन मुद्दों का सामना कर रहे हैं, वे नए नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकारों और प्रशासनों में सालों से उन्हें नजरअंदाज किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।