कोलकाता में भिड़े TMC-बीजेपी कार्यकर्ता, पीएम मोदी की रैली से पहले हुई झड़प...कई लोग घायल

बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने उनकी गाड़ियों पर हमला किया। बीजेपी का दावा है कि उनकी कुछ गाड़ियां ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाली रैली की ओर जा रही थीं, तभी उन पर पत्थर फेंके गए। इस झड़प में दोनों पक्षों के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। घायल होने वालों में बीजेपी के उत्तरी कोलकाता जिला अध्यक्ष तमोघ्न घोष भी शामिल बताए जा रहे हैं

अपडेटेड Mar 14, 2026 पर 4:15 PM
Story continues below Advertisement
कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी रैली से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया।

कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी रैली से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया। शहर के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाली रैली से पहले बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस झड़प में बीजेपी, टीएमसी कार्यकर्ताओं समेत बो बाजार पुलिस स्टेशन के इंचार्ज भी घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, यह झड़प उत्तरी कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में हुई। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बंगाल सरकार की मंत्री शशि पांजा के दफ्तर पर पत्थर फेंके।

बीजेपी का बड़ा आरोप

वहीं बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने उनकी गाड़ियों पर हमला किया। बीजेपी का दावा है कि उनकी कुछ गाड़ियां ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाली रैली की ओर जा रही थीं, तभी उन पर पत्थर फेंके गए। इस झड़प में दोनों पक्षों के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। घायल होने वालों में बीजेपी के उत्तरी कोलकाता जिला अध्यक्ष तमोघ्न घोष भी शामिल बताए जा रहे हैं।


घटना के बाद अलर्ट पर पुलिस

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए गिरीश पार्क इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की और गड़बड़ी रोकने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर पहले से ही शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। विधानसभा चुनाव से पहले पीएम का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। इसी रैली के लिए बीजेपी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक ब्रिगेड मैदान की ओर जा रहे थे। बीजेपी का कहना है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने जानबूझकर उनके समर्थकों को रैली स्थल तक पहुंचने से रोकने की कोशिश की, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और हालात को सामान्य रखने की कोशिश कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।