Shivraj Patil Profile: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का शुक्रवार सुबह महाराष्ट्र में उनके गृह नगर लातूर में निधन हो गया। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक उनके परिवार का कहना है कि शिवराज पाटिल कुछ समय से बीमार थे और उन्होंने अपने निवास ‘देवघर’ में ही अंतिम सांस ली। वह 90 वर्ष के थे। परिजनों का कहना है कि उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जा सकता है। शिवराज पाटिल कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे और कई मंत्रालयों का काम संभाला। वह इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और मनमोहन सिंह की कैबिनेट में काम कर चुके थे। उनके गुजरने के बाद अब उनके परिवार में बेटा शैलेश पाटिल, बहू अर्चना और दो पोतियां हैं। उनकी बहू ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर लातूर शहर से कांग्रेस के अमित देशमुख के खिलाफ चुनाव लड़ा था लेकिन वह हार गयी थीं।
