Himanta Sarma Vs Gaurav Gogoi: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार (31 अक्टूबर) को बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई एक पाकिस्तानी एजेंट हैं। शर्मा और भारतीय जनता पार्टी (BJP) गोगोई के उनकी ब्रिटिश पत्नी के माध्यम से पाकिस्तानी संबंधों का आरोप लगाते रहे हैं। हालांकि, इसका कांग्रेस नेता ने खंडन किया है। शर्मा ने पत्रकारों से कहा, "गौरव गोगोई एक पाकिस्तानी एजेंट हैं। उन्हें हमारे देश में विदेशी ताकतों ने स्थापित किया है।"
गोगोई ने पहले दावा किया था कि मुख्यमंत्री द्वारा लगाए गए आरोप सी-ग्रेड बॉलीवुड फिल्म की तरह हैं। उन्होंने कहा कि ये फ्लॉप होने वाली है, क्योंकि असम के लोग सब कुछ समझते हैं। वहीं, शर्मा ने कहा कि सिगंर जुबिन गर्ग की मौत मामले की जांच पूरी होने के बाद वह गोगोई के खिलाफ सबूतों को उजागर करेंगे।
उन्होंने कहा, "मैं सबूत साझा करने के लिए अभी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं कर रहा हूं, क्योंकि कुछ लोग कहेंगे कि जुबिन गर्ग के मुद्दे को भटकाया जा रहा है।" गौरव गोगोई ने बुधवार को जुबिन गर्ग के मौत मामले की जांच पर सवाल उठाया। उन्होंने दावा किया कि 40 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उनके निधन का वास्तविक कारण कोई नहीं जानता।
राज्य में बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता ने आरोप लगाया कि लोग मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से तंग आ गए हैं। गोगोई ने पूछा, "40 दिन से अधिक समय हो गया है, फिर भी हम अभी तक नहीं जानते कि जुबिन गर्ग के साथ वास्तव में क्या हुआ। सरकार को ध्यान भटकाने के बजाय न्याय सुनिश्चित करना चाहिए। एसआईटी अब तक क्या कर रही है कि हमें गर्ग की मौत के बारे में अब भी कोई सुराग नहीं मिला है।"
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को निर्दोष लोगों, बुद्धिजीवियों, कलाकारों या विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए एसआईटी का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। बल्कि गर्ग से जुड़ी घटना के पीछे की सच्चाई को उजागर करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया, "लोग मुख्यमंत्री के रवैये, बढ़ते भ्रष्टाचार तथा उनके परिवार के सदस्यों और करीबी सहयोगियों द्वारा बड़े पैमाने पर जमा की गई अवैध संपत्ति से पूरी तरह तंग आ चुके हैं।"
गोगोई ने बीजेपी के कई कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरोप लगाया, "इसीलिए कई नेता और कार्यकर्ता भाजपा छोड़ रहे हैं, जो अब केवल कुछ लोगों की सेवा करने वाली एक लिमिटेड कंपनी में बदल गई है।" प्रसिद्ध गायक गर्ग की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में कथित तौर पर तैरते समय निधन हो गया था। इस मामले की अभी जांच की जा रही है।