Delhi Ashram Case: 40 दिनों में बदले 13 होटल, साधुओं के साथ रहा! गिरफ्तारी से बचने के लिए बाबा चैतन्यानंद के पैंतरों का खुलासा

Delhi Ashram Case: जांचकर्ताओं के अनुसार, चैतन्यानंद ने कई बार अपनी लोकेशन बदली और कम से कम 13 बजट होटलों में ठहरा, जिनमें से कई में न CCTV थे और न ही ज्यादा कोई पहचान और पूछताछ होती। हालांकि उसके पास तीन मोबाइल फोन और एक आईपैड था, पुलिस का कहना है कि वह ट्रैक किए जाने के डर से उनका इस्तेमाल नहीं करता था

अपडेटेड Sep 29, 2025 पर 1:13 PM
Story continues below Advertisement
Delhi Ashram Case: 40 दिनों में बदले 13 होटल, साधुओं के साथ रहा! गिरफ्तारी से बचने के लिए बाबा चैतन्यानंद के पैंतरों का खुलासा

दिल्ली के एक प्राइवेट इंस्टिट्यूट में 17 छात्राओं का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने वाले स्वयंभू धर्मगुरु चैतन्यानंद सरस्वती का खिलाफ मामला दर्ज हुआ। अपने खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज होने के बाद अगस्त के दूसरे हफ्ते चैतन्यानंद में भारत लौटा। यह भी पता चला कि सरस्वती ने लगभग 40 दिनों में कम से कम 13 होटल बदले, और फरार रहने के दौरान गिरफ्तारी से बचने के लिए मथुरा और वृंदावन में साधुओं के कई आश्रमों में शरण ली।

लौटने पर, बाबा को पता चला कि उसके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। उसने पहले तो अग्रिम जमानत याचिका दायर की, लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया और फरार हो गया।

जांचकर्ताओं के अनुसार, चैतन्यानंद ने कई बार अपनी लोकेशन बदली और कम से कम 13 बजट होटलों में ठहरा, जिनमें से कई में न CCTV थे और न ही ज्यादा कोई पहचान और पूछताछ होती।


हालांकि उसके पास तीन मोबाइल फोन और एक आईपैड था, पुलिस का कहना है कि वह ट्रैक किए जाने के डर से उनका इस्तेमाल नहीं करता था। इसके बजाय, वह जानबूझकर लो-प्रोफाइल वाले होटलों को चुनते हुए, होटल के कमरे बुक करने के लिए एक सहयोगी के फोन का इस्तेमाल करता था।

पूछताछ के दौरान, पुलिस को पता चला कि चैतन्यानंद समय लेने की कोशिश कर रहा था, सांस लेने में तकलीफ की शिकायत कर रहा था और अपने डिवाइस के पासवर्ड शेयर करने से इनकार कर रहा था। उसके फोन जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजे गए।

आरोपी जुलाई से विदेश में था और 6 अगस्त को भारत लौटा। FIR दर्ज होने के बाद उसे पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गईं और उसे देश से भागने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया है।

दिल्ली पुलिस की एक टीम ने 62 साल के सरस्वती को आगरा के एक होटल में ढूंढ निकाला, जहां से उसे तड़के लगभग 3.30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। 4 अगस्त को दर्ज कराई गई शिकायत के बाद वह दिल्ली से भाग गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उसने छात्राओं, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EOW) कोटे की छात्राओं का यौन उत्पीड़न किया था।

जांचकर्ताओं ने कहा कि आरोपी और उसके सहयोगियों ने झूठा दावा किया कि उनके प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से संबंध हैं, जिससे उन्हें अधिकारियों से बचते हुए समर्थन और सहयोग हासिल करने में मदद मिली।

सरस्वती को पूछताछ के लिए पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस दौरान उसका सामना संस्थान में उनकी तीन महिला सहयोगियों से कराया जाएगा, जिन्होंने छात्राओं को धमकाकर और उसके भेजे गए अश्लील मैसेजों को डिलीट करने के लिए कहकर बाबा की मदद की थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि उसे इंस्टिट्यूट भी ले जाया जा सकता है।

अधिकारी ने बताया कि उसके पास से फर्जी विजिटिंग कार्ड भी बरामद किए गए हैं, जिन पर उसे संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद (ECOSOC) से जुड़ा एक स्थायी राजदूत और BRICS आयोग का सदस्य और भारत के विशेष दूत के रूप में दिखाया गया है।

जांचकर्ताओं ने यह भी पाया कि आरोपी के पास धोखाधड़ी से प्राप्त दो पासपोर्ट थे, एक स्वामी पार्थ सारथी के नाम से और दूसरा स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती के नाम से।

Swami Chaitanyananda:'अब खुलेंगे सारे राज...', कोर्ट ने स्वामी चैतन्यानंद को 5 दिन की रिमांड पर भेजा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।