Delhi NCR Weather Today 1 July: दिल्ली-एनसीआर में भीषण और दमघोंटू उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आस-पास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज दोपहर या शाम तक दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है। पिछले कुछ दिनों से दिल्लीवासी उमस भरी गर्मी से बेहाल थे। मंगलवार को उमस की वजह से दिल्ली का 'फील्स-लाइक' इंडेक्स (गर्मी का अहसास कराने वाला सूचकांक) 53.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। अब मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि दिल्ली-एनसीआर में अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मानसून दस्तक दे देगा।
