Delhi Weather: बारिश और ओले...दिल्ली में कब तक ठंड वाली तबाही? IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मौसम के लिहाज से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने वाले हैं। इसकी वजह से सुबह के समय हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है

अपडेटेड Jan 27, 2026 पर 7:49 PM
Story continues below Advertisement
IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी, दिल्ली-एनसीआर में बिगड़ेंगे हालात

जनवरी का महीना खत्म होने के कगार पर है और पूरे देश में मौसम ने करवट बदल ली है। कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी हो रही है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से एक तरफ पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है और वहीं दूसरी तरफ मैदानी इलाकों में बारिश और ठंडी हवाओं ने सर्दी के आहसास को दोगुना कर दिया है। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ 26 जनवरी से असर दिखा रहा है और 28 जनवरी को चरम पर पहुंचने की संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह से दिल्ली और आस-पास के इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। इतना ही नहीं, दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद में भी तेज बारिश और कुछ जगहों पर ओले गिरने की खबरें सामने आई हैं। इसी के चलते भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के कुछ इलाकों के लिए रेड और कुछ इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच एक या दो बार हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज और बिजली भी देखने को मिल सकती है, साथ ही तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।

अगले तीन दिनों तक रहेगा असर


मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मौसम के लिहाज से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने वाले हैं। इसकी वजह से सुबह के समय हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है। तापमान की अगर बात करें तो न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दिल्ली की हवा में सुधार

मौसम विभाग के अनुसार 28 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके बाद 28, 29 और 30 जनवरी की सुबह हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है, खासकर सुबह के समय। इन दिनों दिन का तापमान 18 से 19 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि रात का तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है। मौसम जानकारों का कहना है कि अगर बारिश और तेज़ हवाएं बनी रहती हैं, तो अगले कुछ दिनों तक हवा की गुणवत्ता बेहतर रह सकती है। लेकिन जैसे ही मौसम शांत होगा, प्रदूषण का स्तर फिर से बढ़ सकता है। दिल्ली-एनसीआर के लोग इस स्थिति से पहले भी कई बार दो-चार हो चुके हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।