IMD Heatwave Alert for Delhi-NCR: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी सोमवार (9 जून) से दिल्ली में लू भी चलेगी। इस सप्ताह राजधानी में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। इंडिया मेटीरियोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने सोमवार (9 जून) को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस सप्ताह भीषण गर्मी रहने और तापमान के 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सोमवार सुबह तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
IMD के अनुसार, अगले तीन दिनों में तापमान के और भी बढ़ने की आशंका है, जो संभवतः 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में कम से कम चार दिनों तक गर्मी और उमस की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है, जिसके लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
दिन के दौरान तेज सतही हवाएं चलने की भी आशंका है। हालांकि इससे गर्मी से कोई खास राहत मिलने की संभावना नहीं है। एक दिन पहले रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो इस जून में अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार की सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 219 दर्ज किया गया, जो 'खराब' कैटेगरी में आता है। आंकड़ों के अनुसार, AQI को शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' कैटेगरी में माना जाता है।
दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी चिलचिलाती तेज धूप ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। भगवान सूर्य सुबह ही अपना तेवर दिखाना शुरू कर देते हैं। एक दिन पहले रविवार को भी मौसम का कुछ यही हाल रहा। रविवार सुबह आठ बजे ही अधिकतम पारा 32 डिग्री पर था। वहीं, दिन में 42 डिग्री पारे के साथ आग उगलती दोपहरी में घरों से बाहर निकले लोग बेहाल हो गए।
IMD ने दिल्ली एनसीआर के अलावा राजस्थान में तापमान और बढ़ने की चेतावनी जारी की है। राज्य में भीषण लू चलने की चेतावनी दी है। आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक कृष्ण मिश्रा ने कहा, "यह स्थिति 12 जून तक जारी रहने की संभावना है।" IMD के वेदर बुलेटिन में कहा गया है, "अगले तीन दिनों में तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की उम्मीद है और यह 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। इसके कारण, 12 जून तक गर्म और उमस भरे दिन जारी रहने की संभावना है।"
हालांकि, दिल्ली में मौसम साफ रहेगा। धूल भरी सतही हवाएं 20 से 30 किमी/घंटा की गति से चलेंगी। IMD ने कहा, "सुबह के समय हवा की गति 16 किमी प्रति घंटे से कम होने की संभावना के साथ उत्तर-पश्चिम दिशा से प्रमुख सतही हवाएं चलेंगी। हवा की गति धीरे-धीरे बढ़ेगी और दोपहर में 18-20 किमी प्रति घंटे हो जाएगी।" शाम तक हवा की गति 25 किमी प्रति घंटे तक बढ़ने की भविष्यवाणी की गई है।
गंगानगर में तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज
राजस्थान के अधिकांश इलाके एक बार फिर लू की चपेट में हैं। गंगानगर में रविवार को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने राज्य में भीषण गर्मी का दौर अभी जारी रहने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार, गंगानगर में रविवार को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री, बीकानेर में 46 डिग्री, बाड़मेर में 45.9 डिग्री, चूरू में 45.6 डिग्री, फलोदी में 45.4 डिग्री, जैसलमेर में 45.2 और कोटा में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में 11 जून तक अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस रहने और कुछ स्थानों पर लू चलने का पूर्वानुमान जताया है। विभाग ने बीकानेर संभाग और आसपास के इलाकों में 8 से 10 जून के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान जताया है।