Delhi Weather Update: दक्षिण-पश्चिमी मानसून अगले 24 घंटे में दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में दस्तक दे सकता है। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के मुताबिक, मानसून के 24 जून तक राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की संभावना है। IMD ने कहा कि अगले 24 घंटे में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तरी अरब सागर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू के बाकी हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 23 से 26 जून के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों जैसे मध्य प्रदेश, गुजरात और कोंकण और गोवा क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।