Delhi Woman Murder: दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां की रहने वाली एक 38 साल की महिला की सिर काटकर हत्या कर दी गई और उसके शव को बुलंदशहर के नरसेना इलाके के घुंघरावली गांव के पास एक जंगल में नहर किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक, विकास कुमार, कथित तौर पर महिला के साथ रिश्ते में था और लगभग तीन साल से दिल्ली में उसके साथ रह रहा था।
पीड़िता की पहचान बबली देवी के रूप में हुई है। वह पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी की निवासी थीं। उनका सड़ा हुआ शव 15 मार्च को मिला था। उनकी पहचान के संबंध में तत्काल कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने 18 मार्च को उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
इस मामले में तब अहम मोड़ आया जब दिल्ली में बबली के परिवार, उनकी मां, बेटी और बहनोई को पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक तस्वीर मिली। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने 22 मार्च को अधिकारियों से संपर्क किया और शव की पहचान बबली देवी के रूप में होने की पुष्टि की।
बुलंदशहर एसपी सिटी, शंकर प्रसाद ने बताया, “जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी विकास कुमार, 32 वर्ष, जो बुलंदशहर का मूल निवासी है, पहले बबली के दिवंगत पति के साथ दिल्ली के एक निजी अस्पताल में काम करता था और परिवार उसे जानता था। ढाई साल पहले कैंसर से पति की मृत्यु के बाद, दोनों के बीच संबंध बन गए और वे दिल्ली में साथ रहने लगे।”
पुलिस के अनुसार, दिसंबर 2025 में विकास द्वारा किसी और से शादी करने का फैसला करने के बाद रिश्ते में तनाव पैदा हो गया, जबकि बबली कथित तौर पर उसे अपने साथ रहने के लिए मनाती रही।
एसपी ने बताया, “बबली की तीन बेटियां हैं। वे अपनी नानी के साथ रहती हैं… 15 मार्च को विकास उसे बुलंदशहर स्थित अपने गांव ले गया। वे बाइक से वहां गए।”
जंगल में ले जाकर काटा महिला का सिर
गांव पहुंचने के बाद विकास ने अपने चचेरे भाई सचिन और दोस्त अमन कुमार को बुलाया। इसके बाद तीनों ने शराब पी और फिर बबली को जंगल वाले इलाके में ले गए। वहां उसके हाथ-पैर पकड़कर तेज हथियार से उसका सिर काट दिया गया और पहचान छिपाने के लिए सिर को करीब 500 मीटर दूर फेंक दिया।
घटना के बाद, विकास गांव में एक पारिवारिक समारोह में शामिल हुआ और बाद में गाजियाबाद के मुरादनगर लौट गया, जहां वह अपनी शादी के बाद रहने चला गया था।
पुलिस ने बताया कि उसने जांचकर्ताओं को गुमराह करने के प्रयास में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई।
एसपी ने आगे बताया, “निगरानी के जरिए हमने अपराध स्थल के पास उसकी मौजूदगी का पता लगाया और उसे मुरादनगर में गिरफ्तार कर लिया गया। अमन को बुलंदशहर से पकड़ा गया। बबली की हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार, अवैध हथियार और बाइक बरामद कर लिए गए हैं। हत्या और सबूत मिटाने की BNS धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। विकास और अमन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। सचिन को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।”