दिल्ली में एक और हादसा हुआ है। रोहिणी सेक्टर-32 खुले नाले में गिरने से युवक की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन चलाया। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड ने युवक को नाले से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी बिरजू कुमार के रूप में हुई है, जो दिल्ली में मजदूरी का काम करता था।बता दें कि, इससे पहले दिल्ली जनकरपुरी में सड़क पर खोदे गए जल निगम के गड्ढे में गिरकर युवक की मौत हो गई थी।
यह हादसा रोहिणी सेक्टर-32 में महाशक्ति काली मंदिर के पास हुआ, जो बेगमपुर थाना क्षेत्र में आता है। अधिकारियों के मुताबिक, युवक सड़क पर चल रहा था, तभी वह फिसलकर पास के गहरे नाले में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। लापता युवक को खोजने के लिए तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कुछ दिन पहले ही पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में भी इसी तरह की एक घटना में बाइक सवार की मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इलाके में चिंता बढ़ गई है।
इस घटना पर आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक सौरभ भारद्वाज ने प्रतिक्रिया दी और भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इलाके में दो लोग घूम रहे थे, तभी उनमें से एक अचानक गहरे नाले में गिर गया। उनका कहना था कि शुरुआत में तो शव का भी पता नहीं चल पाया था। सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह नागरिक सुरक्षा पर ध्यान देने के बजाय सिर्फ प्रचार और पब्लिसिटी में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं प्रशासन की लापरवाही को दिखाती हैं और लोगों की सुरक्षा को गंभीरता से लेने की जरूरत है।