Dhurandhar News: इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सुपरहिट फिल्म 'धुरंधर' पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और पश्चिम एशिया के कई अन्य देशों में लगे बैन को लेकर हस्तक्षेप करने की अपील की है। IMPPA ने प्रतिबंध को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन बताया है। प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में आईएमपीपीए ने कहा कि सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से प्रमाणपत्र मिलने के बावजूद फिल्म को संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत, कतर, ओमान और सऊदी अरब में प्रतिबंधित किया गया है।
IMPPA ने पत्र में कहा, "हम आपसे विनम्र निवेदन करते हैं कि उक्त देशों द्वारा फिल्म 'धुरंधर' पर लगाए गए एकतरफा और अनुचित प्रतिबंध के संबंध में हस्तक्षेप करें।" फिल्म प्रोड्यूसर्स ने कहा, "हमारे सदस्य निर्माता ने यह फिल्म बनाई है। CBFC से सर्टिफिकेशन मिलने के बाद फिल्म को रिलीज किया है। इन देशों द्वारा लगाया गया प्रतिबंध हमारे सदस्य की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन है।"
यह पत्र पिछले महीने आई उन खबरों के बाद लिखा गया है, जिनमें कहा गया था कि “धुरंधर” को खाड़ी देशों में प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह पत्र केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और विदेश मंत्री एस जयशंकर को भी भेजा गया है।
निर्देशक आदित्य धर द्वारा लिखी और डायरेक्ट 'धुरंधर' जासूसी पर आधारित एक रोंमाचक फिल्म है। फिल्म कंधार विमान अपहरण, 2001 संसद हमला और 26/11 मुंबई हमलों जैसी भू-राजनीतिक और आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि पर आधारित खुफिया अभियानों की कहानी है।
'धुरंधर' अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। यह 1,000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली एकमात्र नॉन-मल्टीलिंगुअल भारतीय फिल्म है। भारत में अब तक कुल कलेक्शन ₹831.40 करोड़ हुआ है।
यह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ₹800 करोड़ नेट का आंकड़ा पार करने वाली एकमात्र हिंदी फिल्म भी बन गई है। इसने एक अभूतपूर्व बेंचमार्क स्थापित किया है। फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन जैसे कलाकार हैं। इसे दो हिस्सों वाली फ़्रैंचाइज़ी के तौर पर बनाया गया है। इसका सीक्वल ईद 2026 में रिलीज होने वाला है। इंडस्ट्री अब IMPPA की अपील पर सरकार के जवाब का इंतजार कर रही है।