E20 Petrol: एथेनॉल वाले पेट्रोल के विवाद के बीच मशहूर टीचर अभिनय मैथ की कीमती वोल्वो XC 90 चलते-चलते रुकी! फिर ये हुआ उनके साथ

E20 Petrol: क्या इथेनॉल मिश्रित (E20) पेट्रोल आपकी गाड़ी के इंजन पर असर डाल रहा है? देश के अलग-अलग हिस्सों से कार मालिक इंजन में खराबी, कम माइलेज और बढ़ते मेंटेनेंस खर्च की शिकायत कर रहे हैं। इन दावों के बीच मशहूर ऑनलाइन टीचर अभिनय मैथ उर्फ अभिनय शर्मा सर ने दावा किया है कि एथेनॉल वाले पेट्रोल से उनकी नई कार चलते-चलते अचानक से बंद हो गई

अपडेटेड Jul 06, 2026 पर 10:12 AM
E20 Petrol: एथेनॉल वाले पेट्रोल को लेकर लगातार कार मालिक माइलेज को लेकर शिकायत कर रहे हैं

E20 Petrol: देश में इस वक्त इथेनॉल मिश्रित (E20) पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर जारी विवाद के बीच अब कई कार मालिक इंजन की परफॉर्मेंस, माइलेज में कमी और तकनीकी खराबी की शिकायतें कर रहे हैं। इन दावों ने E20 पेट्रोल की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं पर इसके असर को लेकर नई बहस छेड़ दी है। शिकायतकर्ताओं की लिस्ट में अब मशहूर ऑनलाइन टीचर अभिनय मैथ उर्फ अभिनय शर्मा सर का भी नाम जुड़ गया है। अभिनव सर ने दावा किया है कि एथेनॉल वाले पेट्रोल से उनकी नई कार चलते-चलते अचानक से बंद हो गई।

अभिनव मैथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "मैं 10-12 साल से कार चला रहा हूं और पहली बार करीब एक महीने पहले ऐसा हुआ कि मेरी कार अचानक बंद हो गई। कोई नोटिफिकेशन भी नहीं आया। जबकि बात-बात पर नोटिफिकेशन देने वाली XC90 Car बस अचानक बंद हो गई। सर्विस सेंटर फोन किया तो उन्होंने कहा कि आजकल ऐसे इश्यू आ रहे हैं। आप 30 मिनट रुक जाइए, उसके बाद धीरे-धीरे सेंटर ले आइए। वैसा ही हुआ... 30 मिनट बाद स्टार्ट हो गई और सेंटर आ गई।"

अभिनय सर ने आगे कहा, "वहां उन्होंने कहा कि इंजन में कुछ इश्यू है। हमने पूछा क्यों हुआ, तो बोले कि शायद खराब पेट्रोल डल गया होगा, क्योंकि कार 36 जगह जाती है, कहीं भी डल गया होगा। अब मैं सोच रहा हूं... माइलेज तो कम हुआ है, इसमें कोई दो राय नहीं, लेकिन उतना हम लोग नोटिस भी नहीं करते। मगर सोचिए... अगर इतनी अच्छी, सबसे सुरक्षित कही जाने वाली कारों के इंजन पर भी खतरा आ सकता है, तो भविष्य में हमारे पूरे ट्रांसपोर्ट सिस्टम का क्या होगा?"


उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे कहा, "गडकरी (केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी) जी की गलती हो या पेट्रोलियम मंत्रालय की... लेकिन अगर ईंधन की क्वालिटी या नई फ्यूल पॉलिसी की वजह से लोगों को इंजन का नुकसान, कम माइलेज और लाखों की गाड़ी पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़े, तो इसका जवाब कौन देगा? आखिर आम लोगों की गाड़ियों पर ये कैसा प्रयोग हो रहा है?"

E20 पेट्रोल को लेकर बहस तेज

बता दें कि देश में इथेनॉल मिश्रित E20 पेट्रोल को लेकर बहस लगातार तेज होती जा रही है। एक ओर सरकार इसे प्रदूषण कम करने और कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने की दिशा में बड़ा कदम बता रही है। वहीं, दूसरी ओर कई कार मालिक कम माइलेज, इंजन की परफॉर्मेंस में गिरावट और गाड़ियों में तकनीकी खराबी जैसी शिकायतें कर रहे हैं।

हालांकि, इन शिकायतों और E20 ईंधन के बीच सीधे संबंध की हर मामले में पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन बढ़ती आशंकाओं के बीच सवाल उठ रहा है कि क्या देश का ऑटोमोबाइल सेक्टर इस बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है। साथ ही सबसे बड़ा सवाल यह है कि एथेनॉल पेट्रोल से परेशान उपभोक्ताओं की चिंताओं का समाधान कैसे होगा?

E-20 विवाद पर टोयोटा का आया बयान

इस बीच, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने भी कहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दिखी 'टोयोटा हाईक्रॉस' कार की खराबी इथेनॉल मिश्रित (E-20) पेट्रोल के कारण नहीं, बल्कि दूषित ईंधन की वजह से हुई थी।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक ग्राहक ने दावा किया था कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल के कारण उसकी टोयोटा हाईक्रॉस में तकनीकी समस्या आ गई। कंपनी ने कहा कि संबंधित वाहन ई20 पेट्रोल के अनुकूल है। उसे ई20 पेट्रोल के उपयोग के लिए डिजाइन, परीक्षण और प्रमाणित किया गया है।

कंपनी ने ग्राहकों से अपील की है कि वे ईंधन में मिलावट या दूषित पेट्रोल के जोखिम को कम करने के लिए हमेशा अधिकृत और प्रतिष्ठित पेट्रोल पंपों से ही तेल भरवाएं, क्योंकि इससे वाहन के प्रदर्शन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

ये भी पढ़ें- E20 पेट्रोल से बिगड़ी Innova Hycross? एथेनॉल विवाद के बीच बिहार के यूट्यूबर का दावा, Toyota का आया जवाब

कंपनी ने कहा, "हम ग्राहकों से यह भी आग्रह करते हैं कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से उपलब्ध वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित जानकारी पर भरोसा करें। किसी भी सवाल या समस्या की स्थिति में वे अपने निकटतम टोयोटा के अधिकृत डीलरशिप या ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क करें।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।