हरियाणा के फरीदाबाद में चल रहे 39वें सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा हुआ है। मेले में एक झूला टूटकर गिर गया। इसमें 13 लोग घायल हो गए। वहीं पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश की मौत हो गई। मौके पर राहत और बचाव का काम चल रहा है। सभी घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सुनामी झूला अचानक टूटकर गिर गया, जिससे एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि झूला टूटते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद को भी गंभीर चोटें आईं। बाद में बचाव कार्य के दौरान उनकी मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में कुल 13 लोग घायल हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, डिप्टी कमिश्नर, टूरिज्म विभाग के मैनेजिंग डायरेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। किसी और दुर्घटना को रोकने के लिए पूरे इलाके को बैरिकेड कर दिया गया है। इससे पहले तेज हवाओं के कारण फूड कोर्ट का एक गेट भी गिरने की खबर आई थी। अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने दी ये बड़ी जानकारी
आयुष सिन्हा, डिप्टी कमिश्नर फरीदाबाद, ने बताया कि शाम करीब 6:15 बजे सूरजकुंड मेला में एक दुखद हादसा हुआ। यहां एक जॉयराइड (झूला) गिर गया, जिससे करीब 13 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। एक पुलिस इंस्पेक्टर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि जब झूला झुकने लगा, तब उन्होंने लोगों को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान झूले का एक हिस्सा उनके चेहरे और सिर पर लग गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। बाकी घायलों का इलाज जारी है। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जॉयराइड चलाने वाले ऑपरेटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी और पूरी जांच की जाएगी। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
वहीं इस हादसे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ट्वीट कर कहा कि फरीदाबाद में सूरजकुंड मेला के दौरान हुए हादसे से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। साथ ही, उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत और सही इलाज मिले, इसके लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि हरियाणा सरकार पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ घायलों और उनके परिवारों को हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है।