पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई यात्राओं पर भी दिखने लगा है। देश की प्रमुख विमानन कंपनियों एयर इंडिया और इंडिगो के बाद अब अकासा एयर ने भी अपने यात्रियों से अतिरिक्त ‘फ्यूल सरचार्ज’ (ईंधन शुल्क) वसूलने का ऐलान कर दिया है। इअकासा एयर ने घोषणा की है कि वह फ्लाइट टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज लगाएगी। एयरलाइन ने शनिवार को जारी एक बयान में इस फैसले की जानकारी दी।
₹1300 रुपये तक महंगी होंगी फ्लाइट टिकट
अकासा एयर के मुताबिक, यह फ्यूल सरचार्ज हर फ्लाइट पर लागू होगा। इसका चार्ज फ्लाइट की अवधि के आधार पर अलग-अलग तय की गई है। यानी छोटी दूरी की उड़ानों पर कम सरचार्ज लगेगा, जबकि लंबी दूरी की उड़ानों पर यात्रियों को ज्यादा राशि देनी पड़ सकती है। एयरलाइन ने बताया कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की उड़ानों पर 199 रुपये से लेकर 1300 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा। यह नया शुल्क 15 मार्च 2026 को रात 12 बजकर 1 मिनट से की गई सभी टिकट बुकिंग पर लागू होगा।
अकासा एयर यात्रियों से वसूलेगी फ्यूल सरचार्ज
अकासा एयर ने अपने बयान में कहा कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में हाल ही में काफी बढ़ोतरी हुई है। यह बढ़ोतरी पश्चिम एशिया में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव की वजह से हुई है, जिसका असर वैश्विक तेल बाजार पर पड़ा है। एयरलाइन के अनुसार, ईंधन की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी होने के कारण एयरलाइनों की लागत भी बढ़ जाती है। ऐसे में कंपनियों को अपने खर्च का कुछ हिस्सा यात्रियों से फ्यूल सरचार्ज के रूप में लेना पड़ता है।
गौरतलब है कि अकासा एयर से पहले एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो जैसी बड़ी एयरलाइंस भी अपने फ्लाइट टिकटों पर इसी तरह का फ्यूल सरचार्ज लागू कर चुकी हैं। इससे साफ है कि तेल की बढ़ती कीमतों का असर पूरे एविएशन सेक्टर पर पड़ रहा है। किसी भी एयरलाइन कंपनी के कुल ऑपरेटिंग खर्चों में फ्यूल का हिस्सा काफी बड़ा और अहम होता है। ऐसे में, एटीएफ की कीमतें बढ़ने से एयरलाइन कंपनियों पर काफी दबाव पड़ रहा था। अकासा एयर से पहले, देश की दो अन्य प्रमुख एयरलाइन कंपनियों एयर इंडिया और इंडिगो भी अपने यात्रियों से फ्यूल सरचार्ज वसूल रही हैं।
इंडिगो ने शुक्रवार को ही फ्यूल चार्ज का ऐलान किया था। एयर इंडिया 12 मार्च से ही फ्लाइट टिकट के साथ 399 रुपये से 90 डॉलर (लगभग 8332 रुपये) तक का फ्यूल सरचार्ज वसूल रही है। वहीं, इंडिगो 14 मार्च से फ्लाइट टिकट पर 425 रुपये से 2300 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज ले रही है।