Ghaziabad: पत्नी के साथ अफेयर का शक... युवक ने पड़ोसी पर किया तालवार से हमला, काट डाला कान

Ghaziabad: शुरुआती जांच में सामने आया है कि नितिन को अपनी पत्नी और अभिषेक के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी वजह से दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। पुलिस के अनुसार, इसी शक के चलते गुरुवार को यह हिंसक घटना हुई। वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि अभिषेक अपनी बाइक से गोकुलधाम सोसाइटी के गेट के पास से गुजरता है और फिर एक कोने पर रुक जाता है

अपडेटेड Apr 18, 2026 पर 4:49 PM
Story continues below Advertisement
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है।

गाजियाबाद में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक को अपनी पत्नी पर अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते उसने गुस्से में आकर पड़ोसी पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे उसका कान आधा कट गया। यह घटना 16 अप्रैल की शाम सिद्धार्थ विहार इलाके में हुई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में आरोपी नितिन पीछे से आता है और पीड़ित अभिषेक प्रताप सिंह से झगड़ा करता हुआ नजर आता है, जिसके बाद वह हमला कर देता है।

पत्नी के साथ अफेयर का शक

शुरुआती जांच में सामने आया है कि नितिन को अपनी पत्नी और अभिषेक के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी वजह से दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। पुलिस के अनुसार, इसी शक के चलते गुरुवार को यह हिंसक घटना हुई। वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि अभिषेक अपनी बाइक से गोकुलधाम सोसाइटी के गेट के पास से गुजरता है और फिर एक कोने पर रुक जाता है। वह किसी दूसरे व्यक्ति से बात करता हुआ नजर आता है। तभी उसका पड़ोसी नितिन, जो उसी सोसाइटी में रहता है, चुपके से उसके पास आता है और अचानक उस पर हमला कर देता है।


युवक ने किया पड़ोसी पर हमला

हमले के बाद दोनों के बीच जोरदार हाथापाई शुरू हो जाती है। दोनों एक-दूसरे पर भारी पड़ने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान अभिषेक के हाथ में तलवार का कवर जैसा एक बड़ा सामान आ जाता है। नितिन लगातार उस पर वार करता रहता है, जब तक कि अभिषेक अपने कान को पकड़कर जमीन पर गिर नहीं जाता। झगड़े के दौरान पास में खड़ा एक व्यक्ति आगे आता है और नितिन को रोकने की कोशिश करता है, जिससे वह और हमला नहीं कर पाता।

कुछ मिनट बाद अभिषेक अपनी बाइक उठाकर वहां से चला जाता है। पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। आरोपी नितिन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में सीसीटीवी फुटेज सबसे अहम सबूत है। साथ ही पुलिस ने कहा कि केस के हर पहलू की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।