सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल गुलाम नबी आजाद की बिगड़ी तबीयत, कुवैत के अस्पताल में भर्ती

Ghulam Nabi Azad News: सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद बैजयंत जय पांडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि हमारे प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बीच में गुलाम नबी आजाद को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। उनकी हालत स्थिर है, उन्हें डॉक्टरों देखरेख में रखा गया है। उनकी कुछ मेडिकल जांच की जाएंगी

अपडेटेड May 28, 2025 पर 8:22 AM
Story continues below Advertisement
Ghulam Nabi Azad News: गुलाम नबी आजाद कुवैत के अस्पताल में भर्ती हैं। फिलहाल वह अब डॉक्टरों की निगरानी में हैं

Ghulam Nabi Azad News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद बैजयंत जय पांडा ने मंगलवार (27 मई) को बताया कि खाड़ी देशों की यात्रा पर गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद को कुवैत के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह अब डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री 76 वर्षीय आजाद को किस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका इलाज कुवैत में चल रहा है।

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे पांडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, "हमारे प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बीच में, श्री गुलाम नबी आजाद को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। उनकी हालत स्थिर है, उन्हें डॉक्टरों देखरेख में रखा गया है, और उनकी कुछ मेडिकल जांच की जाएंगी।"

वहीं, आजाद ने X पर कहा, "कुवैत में भीषण गर्मी के कारण मेरी सेहत पर असर पड़ने के बावजूद, अल्लाह के करम से मैं ठीक हूं और मेरी हालत में सुधार हो रहा है। सभी जांच के नतीजे सामान्य हैं। आप सभी की चिंता और दुआओं के लिए शुक्रिया- यह वास्तव में मेरे लिए बहुत मायने रखता है।"


पांडा और 76 वर्षीय आजाद उन सात बहुदलीय प्रतिनिधिमंडलों में से एक में शामिल हैं जिन्हें भारत ने अलग-अलग देशों में भेजा है। इन प्रतिनिधिमंडलों का काम आतंकवाद के प्रति भारत की प्रतिक्रिया के बारे में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अवगत कराना है। प्रतिनिधिमंडल ने 23 मई को बहरीन और 25 मई को कुवैत का दौरा किया, जहां आजाद ने दोनों देशों के नेताओं के साथ बैठकों में भाग लिया।

पांडा ने कहा कि बहरीन और कुवैत में हुई बैठकों में आजाद का योगदान अत्यंत प्रभावशाली था। उनके बीमार हो जाने से वह मायूस हैं। मंगलवार को प्रतिनिधिमंडल के साथ सऊदी की राजधानी पहुंचे पांडा ने कहा, "सऊदी अरब और अल्जीरिया में उनकी उपस्थिति हमें बहुत खलेगी।" इस यात्रा के दौरान, प्रतिनिधिमंडल विभिन्न राजनीतिक व्यक्तियों, सरकारी अधिकारियों, विचारकों और भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करेगा।

कांग्रेस ने आजाद के अस्पताल में भर्ती होने पर चिंता व्यक्त की। मुख्य विपक्षी पार्टी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। आजाद लंबे वक्त तक कांग्रेस में रहे थे और उन्होंने 2022 में कांग्रेस को छोड़कर अपनी डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी बना ली थी।

ये भी पढ़ें- Dipika Kakar: टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ को हुआ सेकेंड स्टेज कैंसर, किया ये इमोशनल पोस्ट

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आजाद का नाम लिए बगैर X पर एक पोस्ट में कहा, "यह जानकर चिंता हुई कि पाकिस्तानी आतंकवाद के खिलाफ भारत की रणनीति को मजबूत करने के लिए भेजे गए उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों में से एक को कुवैत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।" उन्होंने कहा, "हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।