Gita Path in Kolkata: पश्चिम बंगाल और पड़ोसी राज्यों से साधुओं एवं साध्वियों सहित लाखों श्रद्धालुओं ने कोलकाता के प्रतिष्ठित 'ब्रिगेड परेड ग्राउंड' में आयोजित विशाल भगवद गीता पाठ समारोह में भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि भगवा वस्त्र पहने भिक्षुओं ने कार्यक्रम स्थल पर गीता की प्रतियों से एक स्वर में श्लोक पढ़ा। 'सनातन संस्कृति संसद' की तरफ से आयोजित इस इवेंट में 5 लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि ब्रिगेड परेड ग्राउंड ढोल और झांझ की आवाज से गूंज उठा।
जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पश्चिम बंगाल इकाई के पूर्व प्रमुख सुकांत मजूमदार, पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी और विधायक अग्निमित्र पॉल सहित बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। इसी के साथ स्वामी प्रदीप्तानंद महाराज तथा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री सहित प्रमुख धार्मिक हस्तियां भी समारोह में शामिल हुई।
'पंच लाखो कोंठे गीता पाठ' (एक साथ पांच लाख गीता पाठ) नामक इस कार्यक्रम का आयोजन सनातन संस्कृति संसद द्वारा किया जा रहा है जो विभिन्न मठों और हिंदू धार्मिक संस्थानों से आए भिक्षुओं और आध्यात्मिक गुरुओं का एक समूह है। बीजेपी नेता अग्निमित्र पॉल ने कहा, "गीता केवल हिंदुओं के लिए नहीं है, यह भारत के सभी 140 करोड़ लोगों के लिए है।"
आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य पश्चिम बंगाल की आध्यात्मिक विरासत को जागृत करना और धर्मग्रंथों के माध्यम से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इसे (कार्यक्रम) राज्य और संभवतः देश में अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक गीता पाठ बताया जा रहा है।
कार्तिक महाराज के रूप में लोकप्रिय स्वामी प्रदीप्तानंद महाराज ने कहा, "विभाजन के माहौल में आध्यात्मिक अभ्यास शांति और दिशा बहाल कर सकता है।" उन्होंने बताया कि राज्य भर से हजारों लोग पहले ही इसमें भाग लेने का संकल्प ले चुके हैं।
इस कार्यक्रम का आध्यात्मिक नेतृत्व गीता मनीषी महामंडल के स्वामी ज्ञानानंदजी महाराज द्वारा किया जा रहा है। जबकि योग गुरु बाबा रामदेव सहित कई प्रमुख साधुओं को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह आयोजन तृणमूल कांग्रेस (TMC) के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर द्वारा मुर्शिदाबाद में राजनीतिक रूप से प्रेरित 'बाबरी मस्जिद' की तर्ज पर एक मस्जिद के नींव रखे जाने के एक दिन बाद सामने आई है।
बागेश्वर धाम सरकार आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने 'गीता पाठ' का आयोजन किए जाने पर कहा, "आज पश्चिम बंगाल की पवित्र धरती कोलकाता में 5 लाख लोगों ने एक साथ गीता का पाठ किया। जोश और आस्था का सैलाब देखकर ऐसा लगा जैसे कोलकाता में महाकुंभ मेला लगा हो। हम पश्चिम बंगाल और कोलकाता के लोगों, भारत के लोगों का दिल से शुक्रिया अदा करते हैं। सनातन एकता ही इस देश और दुनिया के लिए शांति का सबसे बड़ा जरिया है। भारत में हमें 'सनातनी' चाहिए, 'तनातनी' नहीं। भारत में हमें 'भगवा-ए-हिंद' चाहिए, 'गजवा-ए-हिंद' नहीं।"
अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पश्चिम बंगाल के सार्वजनिक क्षेत्र में आस्था और पहचान से जुड़े सवाल कितनी तेजी से एक दूसरे से मिल रहे हैं। दिसंबर 2023 में लोकसभा चुनाव से पहले ब्रिगेड में इसी तरह का 'एक लाख स्वरों' वाला गीता पाठ कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इसके ठीक दो साल बाद आज यानी रविवार को 'पंच लाखो कोंठे गीता पाठ' नामक इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम के कारण राजनीतिक विवाद शुरू हो गया था। इसमें सत्तारूढ़ TMC ने BJP पर धर्म का इस्तेमाल कर ध्रुवीकरण करने का आरोप लगाया था।