नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बनेंगे ये 2 नए मेट्रो कॉरिडोर, बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर 142 और डिपो से बोड़ाकी इसके सारे स्टेशन जानिए
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में दैनिक यात्रियों के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) ने शहर में दो नए मेट्रो कॉरिडोर के इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का चुनाव किया है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में दैनिक यात्रियों के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) ने शहर में दो नए मेट्रो कॉरिडोर के इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का चुनाव किया है। ये दो नए प्रोजेक्ट हैं बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर 142 के बीच 11.56 किलोमीटर लंबा स्ट्रेच और डिपो से बोड़ाकी तक 2.6 किलोमीटर का विस्तार। इन दोनों परियोजनाओं के अगले तीन वर्षों के भीतर पूरा होने की उम्मीद है।
बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर 142 कॉरिडोर: लागत और स्टेशन
रिपोर्ट के मुताबिक बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर 142 के बीच बनने वाली लाइन दोनों परियोजनाओं में से बड़ी है। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 2254.35 करोड़ रुपये है। यह पूरा रूट पूरी तरह से एलिवेटेड अलाइमेंट पर होगा और इस पर कुल आठ मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इस कॉरिडोर पर बनने वाले सभी आठ स्टेशनों की लिस्ट यहां नीचे देखी जा सकती है-
बॉटनिकल गार्डन
सेक्टर 44
सेक्टर 96 - नोएडा अथॉरिटी ऑफिस
सेक्टर 97
सेक्टर 105
सेक्टर 108 - पुलिस कमिश्नरेट
सेक्टर 93
पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर 91
रिपोर्ट में बताया गया है कि एक बार चालू हो जाने के बाद यह कॉरिडोर बॉटनिकल गार्डन और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रियों की आवाजाही को बेहद आसान बना देगा और जेवर की तरफ कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगा।
डिपो से बोड़ाकी एक्सटेंशन: मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब से कनेक्टिविटी
दूसरा प्रोजेक्ट डिपो से बोड़ाकी एक्सटेंशन का है, जो छोटा लेकिन रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण रूट है। इस 2.6 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच की लागत 416 करोड़ रुपये तय की गई है। इस विस्तार में केवल दो स्टेशन होंगे:
जुनपत
बोड़ाकी
भले ही इसमें सिर्फ दो स्टेशन हैं, लेकिन पूरा होने के बाद यह एक महत्वपूर्ण मल्टीमॉडल लिंक के रूप में काम करेगा। यह एक्सटेंशन बोड़ाकी गांव में बनने वाले प्रस्तावित मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब (MMTH) से जुड़ेगा। इस हब में एक अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (ISBT) और एक रेलवे पैसेंजर टर्मिनस शामिल करने की योजना बनाई गई है।
टेंडर प्रक्रिया और निर्माण कार्य की शुरुआत
रिपोर्ट में एनएमआरसी के महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट्स) प्रदीप यादव के हवाले से बताया गया है कि कि दोनों कॉरिडोर के लिए अप्रैल में टेंडर जारी किए गए थे। इस परियोजना में नौ एजेंसियों ने रुचि दिखाई थी, जिनमें से एलएंडटी (L&T) सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी के रूप में उभरी और उसी आधार पर उसका चयन किया गया। प्रदीप यादव ने आगे कहा कि दोनों कॉरिडोर पर काम एक महीने के भीतर शुरू होने वाला है।
इन दोनों परियोजनाओं की जमीनी तैयारी काफी समय से चल रही थी। पिछले साल एनएमआरसी ने दोनों एक्सटेंशन के सिविल, आर्किटेक्चरल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल घटकों के डिजाइन तैयार करने के लिए एक डिटेल डिजाइन कंसलटेंट को शामिल किया था। इसके बाद डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट, अलाइनमेंट, जियोटेक्निकल डेटा और सिस्टम आवश्यकताओं की समीक्षा सहित सत्यापन अध्ययन करने के लिए एक जनरल कंसलटेंट (GC) को लाया गया था। जीसी ने डेवलपर चुनने और अनुबंध प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए टेंडर दस्तावेज तैयार करने में भी एनएमआरसी की मदद की।
मेट्रो स्टेशनों की को-ब्रांडिंग और पीपीपी मॉडल
एनएमआरसी इन दो नए कॉरिडोर पर बनने वाले मेट्रो स्टेशनों की को-ब्रांडिंग के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर भी काम कर रहा है। इसके तहत कॉर्पोरेशन ने मेट्रो स्टेशनों के वित्तपोषण, निर्माण, संचालन और रखरखाव के लिए प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनियों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट आमंत्रित किए हैं। इसके बदले में एनएमआरसी चुनी गई कंपनी को एक निश्चित लीज अवधि के लिए स्टेशनों के नामकरण अधिकार, व्यावसायिक स्थान और विज्ञापन अधिकार प्रदान करेगा।
बॉटनिकल गार्डन बना दिल्ली-एनसीआर का सबसे व्यस्त स्टेशन
यह नया नेटवर्क पहले से व्यस्त चल रहे मेट्रो नेटवर्क में और विस्तार करेगा। वर्तमान एक्वा लाइन नोएडा सेक्टर 51 को ग्रेटर नोएडा के डिपो स्टेशन से जोड़ती है। एनएमआरसी के जून 2026 के आंकड़ों के मुताबिक एक्वा लाइन पर औसतन 61811 दैनिक यात्रियों की सवारियां दर्ज की गईं। बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पिछले तीन महीनों में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन नेटवर्क का सबसे व्यस्त स्टेशन बनकर उभरा है। ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन के इस इंटरचेंज स्टेशन ने यात्रियों की संख्या के मामले में लंबे समय से शीर्ष पर रहे कश्मीरी गेट को पीछे छोड़ दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2026 में बॉटनिकल गार्डन पर औसतन 2.71 लाख दैनिक यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई, जो कश्मीरी गेट के 2.57 लाख के आंकड़े से अधिक है। बॉटनिकल गार्डन-सेक्टर 142 कॉरिडोर के चालू होने के बाद इस स्टेशन पर यात्रियों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है।
तीसरे मेट्रो रूट की भी योजना: सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट
एनएमआरसी सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर 4 तक एक तीसरे मेट्रो रूट की भी योजना बना रहा है। इसमें पांच स्टेशन शामिल होंगे। पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड (PIB) ने पिछले महीने ही इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी थी और अब काम शुरू होने से पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल से अंतिम मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।