IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए पूरे सप्ताह का डिटेल वेदर प्रिडिक्शन यानी मौसम का अनुमान जारी कर दिया है। इसके मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। 6 जून को मानसून अरब सागर के कुछ और हिस्सों, पूरे गोवा, कर्नाटक, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों, बंगाल की खाड़ी के कई इलाकों और पूर्वोत्तर के मिजोरम व मणिपुर में प्रवेश कर चुका है। अगले 2-3 दिनों में इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु के बचे हुए हिस्सों और पूर्वोत्तर के राज्यों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। मौसम विभाग ने 12 जून तक के लिए देश के 19 से अधिक राज्यों में भारी बारिश से लेकर 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाले खतरनाक बवंडर और लू का अलर्ट जारी किया है।
