Himanta Biswa Sarma: असम की धरती पर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है, और इस जीत के केंद्र में फिर से नाम रहा है हिमंत बिस्व सरमा का। गुवाहाटी के वेटनरी कॉलेज फील्ड में जब उन्होंने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, तो पूरा मैदान समर्थकों के जोशीले नारों से गूंज उठा। इस मौके पर सरमा का पूरा परिवार भावुक और गौरवान्वित नजर आया।
लेकिन आपको बता दें कि सिर्फ हिमंत बिस्व सरमा ने अपने परिवार को गौरवान्वित नहीं किया है, बल्कि उनके बेटे नंदिल सरमा ने भी अपने परिवार का नाम ऊंचा किया है। दरअसल, नंदिल ने आयरनमैन वियतनाम प्रतियोगिता में भाग लेकर एक असाधारण चुनौती पूरी की।
महज 7-8 महीने की तैयारी के बाद, लगभग 16 घंटे में नंदिल ने सबसे कठिन एंड्योरेंस प्रतियोगिताओं में से एक आयरनमैन वियतनाम प्रतियोगिता को पूरा किया। आयरनमैन ट्रायथलॉन में प्रतिभागियों को एक ही दिन में 3.8 किलोमीटर समुद्र में तैराकी, 180 किलोमीटर साइक्लिंग और 42.2 किलोमीटर मैराथन दौड़ पूरी करनी होती है। इसे दुनिया की सबसे कठिन शारीरिक और मानसिक चुनौतियों में गिना जाता है।
सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने की बेटे की तारीफ
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा एक्स पर पोस्ट कर अपने बेटे की तारीफ की और लिखा-आयरनमैन दुनिया की सबसे कठिन एंड्योरेंस वाली प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है। यह एक ही दिन में होने वाली बेहद कठिन परीक्षा होती है। इसमें प्रतिभागियों को पहले 3.8 किलोमीटर तैराकी करनी होती है, फिर 180 किलोमीटर साइकिल चलानी होती है और उसके बाद 42.2 किलोमीटर की पूरी मैराथन पूरी करनी होती है।
10 मई को, मेरे बेटे नंदिल ने, जो वर्तमान में बेंगलुरु स्थित नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी में पांचवें वर्ष में पढ़ रहा है, आयरनमैन वियतनाम प्रतियोगिता में भाग लेकर एक बेहद कठिन चुनौती स्वीकार की। महज 7-8 महीने की तैयारी के बाद, उसने लगभग 16 घंटे में इस चुनौती को पूरा कर लिया।
उन्होंने आगे लिखा, एक पिता के रूप में, मुझे उसकी अनुशासनशीलता, दृढ़ संकल्प और लगन देखकर अपार गर्व होता है। मैं उसके आगे के सफर और जीवन में कई और उपलब्धियों के लिए उसे हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।