Operation Sindoor: भारतीय सेना ने 6-7 मई की रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया। इसके तहत सेना ने आतंकियों के 9 ठिकानों पर मिसाइल अटैक किया, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। सरकार ने बताया कि इस सैन्य ऑपरेशन में पाकिस्तान में पनाह लिए आतंकी और उनके ठिकानों को टारगेट किया गया। इसमें एक नई जानकारी ये भी सामने आ रही है कि इस हमले में जैश आतंकवादी और IC-814 अपहरण का मास्टरमाइंड अब्दुल रऊफ अजहर भी मारा गया है। अब्दुल रऊफ अजहर आतंकी मसूद अजहर का छोटा भाई था। आइये आपको बताते हैं कि कौन था अब्दुल रऊफ अजहर और IC-814 अपहरण में क्या थी उसकी भूमिका।
आईसी-814 इंडियन एयरलाइंस की एक विमान थी। इसके नेपाल के काठमांडू से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के बाद 24 दिसंबर, 1999 को कुछ आतंकियों ने हाईजैक कर लिया था। यह हाईजैक हरकत-उल-मुजाहिदीन के पांच आतंकियों ने किया था। हाईजैक के बाद इस विमान को अमृतसर, लाहौर और दुबई ले जाया गया। फिर इसे अफगानिस्तान के कंधार में उतारा गया। यहां आपको बता दें कि अफगानिस्तान उस समय तालिबान के नियंत्रण में था। आईसी-814 को छोड़ने के बदले हाईजैकर्स ने भारत की जेलों में बंद कई आतंकवादियों की रिहाई की मांग की थी।
भारत सरकार और आतंकवादियों के बीच चली कई दौर की बातचीत के बाद सरकार उनकी मांगों को मानने के लिए सहमत हुई। भारत ने तीन आतंकवादियों अहमद उमर सईद शेख, मसूद अजहर और मुश्ताक अहमद जरगर को रिहा किया। इसके बदले हाईजैकर्स ने 31 दिसंबर 1999 को यात्रियों और चालक दल को छोड़ दिया था।
IC-814 के हाईजैक में क्या थी अब्दुल रऊफ अजहर की भूमिका?
अब्दुल रऊफ अजहर आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) का सर्वोच्च कमांडर था। वह जैश-ए-मोहम्मद के संस्थापक और सरगना मसूद अजहर का छोटा भाई था। आईसी-814 के हाईजैक के पीछे अजहर की सबसे बड़ी वजह भारत की जेल में बंद उसका भाई मसूद अजहर को छुड़ाना था और वो इसमें सफल भी रहा। जानकारी के मुताबिक 21 अप्रैल 2007 को अपने भाई मसूद अजहर के अंडरग्राउंड होने के बाद उसने जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी।
वैसे आपको बता दें कि अब्दुल रऊफ अजहर भारत में कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है और भारत सरकार के घोषित आतंकवादियों की लिस्ट में से एक है। अब पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना के चलाये गए 'ऑपरेशन सिंदूर' में उसके मारे जाने की खबर है।