ICMR On H1N1 Surge: देश में नहीं आया H1N1 का नया स्ट्रेन, ICMR ने बताया क्यों बढ़ रहे हैं स्वाइन फ्लू के मामले

ICMR के मुताबिक, H1N1 वायरस का कोई नया स्ट्रेन सामने नहीं आया है। ऐसे में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है

अपडेटेड Aug 24, 2026 पर 10:22 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ICMR के अनुसार, देश में फैल रहे H1N1 वायरस के मौजूदा क्लैड और सबक्लेड 2025 से ही सामने आ रहे हैं (Photo: canva)

दिल्ली-एनसीआर सहित देश में स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। दिल्ली में H1N1 के मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद लोगों में इसे लेकर डर भी बढ़ रहा है। इसी बीच भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने लोगों को राहत दी है। ICMR के सूत्रों के मुताबिक, H1N1 वायरस का कोई नया स्ट्रेन सामने नहीं आया है। ऐसे में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में इस साल अब तक इन्फ्लूएंजा-A के 2,300 से अधिक मामले सामने आए हैं, जिनमें 1,777 से ज्यादा H1N1 केस शामिल हैं। वहीं गुरुवार को ही H1N1 के 114 नए मामले दर्ज किए गए। वहीं H1N1 केस को बढ़ता देख दिल्ली सरकार ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

घबराने की जरुरत नहीं


ICMR के अनुसार, फिलहाल फैल रहे इन्फ्लूएंजा वायरस के स्ट्रेन उत्तरी गोलार्ध के लिए सुझाए गए फ्लू वैक्सीन से काफी हद तक मेल खाते हैं। H1N1 समेत मौसमी फ्लू के ज्यादातर मामले गंभीर नहीं होते और आराम व सही देखभाल से मरीज ठीक हो जाते हैं। इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, खांसी, सिरदर्द और शरीर में दर्द शामिल हैं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों में फ्लू के कारण परेशानी बढ़ने का खतरा ज्यादा हो सकता है।

डॉक्टर से तुरंत ले सलाह

ICMR के अनुसार, देश में फैल रहे H1N1 वायरस के मौजूदा क्लैड और सबक्लेड 2025 से ही सामने आ रहे हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि अगर फ्लू के लक्षण लंबे समय तक बने रहें या ज्यादा गंभीर हो जाएं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग लगातार वायरस की निगरानी कर रहा है और जरूरत के हिसाब से जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। ICMR के सूत्रों के मुताबिक, देश में इस समय फैल रहा इन्फ्लूएंजा A (H1N1) pdm09 वायरस A/Missouri/11/2025 (H1N1) pdm09 जैसे स्ट्रेन से जुड़ा है। हालांकि, इसे कोई नया वायरस स्ट्रेन नहीं माना जा रहा है।

H1N1 को लेकर सरकार की एडवाइजरी

दिल्ली सरकार ने H1N1 और अन्य सांस से जुड़ी बीमारियों को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। हेल्थ एडवाइजरी में लोगों से साफ-सफाई का ध्यान रखने, भीड़भाड़ वाली जगहों से दूरी बनाने और तबीयत खराब होने पर समय पर डॉक्टर से सलाह लेने को कहा गया है। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने देश में H1N1 की स्थिति और स्वास्थ्य व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निगरानी मजबूत रखने और संभावित मामलों से निपटने के लिए पहले से तैयारी बनाए रखने पर जोर दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।