IMD Heat wave alert: देश में सबसे गर्म यूपी का बांदा, 47.4 डिग्री पहुंचा टेंप्रेचर! 26-27 अप्रैल को इन जिलों में लू का हाहाकार

IMD Heat wave alert: मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक तापमान में कोई विशेष कमी नहीं आएगी। लू की तीव्रता बढ़ने के साथ-साथ प्रदेश के कुछ हिस्सों में 'उष्ण रात्रि' (Warm Night) यानी गर्म रातों की स्थिति भी बनी रहेगी, जिससे रात के समय भी चैन नहीं मिलेगा। मेरठ, आगरा, बरेली और प्रयागराज जैसे शहरों में पहले ही लू की स्थितियां दिख चुकी हैं

अपडेटेड Apr 25, 2026 पर 9:37 PM
Story continues below Advertisement
heatwave alert : देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ता हुआ देखा जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में हीटवेव यानी लू का असर अब प्रचंड रूप धारण कर चुका है। इस बीच यूपी के बांदा में गर्मी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। शनिवार को बांदा में अधिकतम तापमान 47.4°C दर्ज किया गया, जिसने अप्रैल महीने के पिछले सभी रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है। अप्रैल महीने में 47.4°C के रिकार्ड तापमान के साथ बांदा प्रदेश के साथ-साथ देश में भी सर्वाधिक गर्म रहा। प्रयागराज और वाराणसी देश में क्रमशः चौथे और पांचवें सबसे गर्म शहर रहे। निचले क्षोभमंडल में आ रही गर्म पछुआ हवाओं और महाराष्ट्र के पास बने प्रतिचक्रवात (Anti-cyclone) के कारण यूपी इस समय भीषण लू की चपेट में है।

26 अप्रैल: इन जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' (भीषण लू की चेतावनी)

मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 20 जिलों में लू का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। यहां गर्मी का असर सबसे ज्यादा रहेगा:


बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, जालौन और हमीरपुर।

26 अप्रैल: इन जिलों में 'यलो अलर्ट'

लखनऊ सहित कई अन्य जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है:

लखनऊ, कानपुर (नगर व देहात), अयोध्या, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, औरैया, अलीगढ़ और शामली समेत कई अन्य जिले।

27 अप्रैल: लू का सिलसिला रहेगा जारी

सोमवार को भी प्रदेश के लगभग 45 जिलों में लू का यलो अलर्ट रहेगा। इनमें प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, आगरा, झांसी, और सुल्तानपुर जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं। राजधानी लखनऊ में भी 26 और 27 अप्रैल को भीषण लू चलने की संभावना है।

भीषण गर्मी और 'उष्ण रात्रि' का संकट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक तापमान में कोई विशेष कमी नहीं आएगी। लू की तीव्रता बढ़ने के साथ-साथ प्रदेश के कुछ हिस्सों में 'उष्ण रात्रि' (Warm Night) यानी गर्म रातों की स्थिति भी बनी रहेगी, जिससे रात के समय भी चैन नहीं मिलेगा। मेरठ, आगरा, बरेली और प्रयागराज जैसे शहरों में पहले ही लू की स्थितियां दिख चुकी हैं।

राहत की खबर: 27 अप्रैल से शुरू होगी बारिश

इस भीषण तपिश के बीच मौसम विभाग ने एक सुखद समाचार भी दिया है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से मौसम पलटी मारेगा। 27 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्षा का दौर शुरू होगा। यह बारिश धीरे-धीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगी और मई के शुरुआती दिनों तक जारी रह सकती है। बारिश और आंधी के कारण तापमान में 3-5°C की बड़ी गिरावट आएगी, जिससे 28 अप्रैल से लू की स्थितियों में सुधार होने की पूरी संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।