Agra Murder Case: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को अपने पति की कथित तौर पर हत्या करने और उसके शव को घर के बाथरूम में दफनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि हत्या और सबूत छिपाने में और भी लोग शामिल थे या नहीं।
पुलिस ने बताया कि शव को निकालने के लिए उन्होंने कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर बाथरूम के फर्श पर लगी प्लास्टर की परत को तोड़ा। बता दें कि यह पूरा मामला पिछले 45 दिनों से चल रही जांच के बाद सामने आया, जब पति को लापता बताया गया था।
बाथरूम के फर्श के नीचे मिली लाश
जांच के दौरान आरोपी महिला, जिसकी पहचान रूबी के रूप में हुई है, पुलिस के साथ अपने पति सुरेंद्र शर्मा की तलाश में सहयोग करने का नाटक करती रही। साथ ही खुद को दुखी दिखाने के लिए पड़ोसियों के सामने रोती रहती थी, ताकि लोगों को लगे कि वह बहुत टूट चुकी है।
लेकिन इस मामले में बड़ा सुराग तब मिला जब मृतक के भाई ने रूबी पर शक जताया और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने गहराई से तफ्तीश शुरू की। पुलिस की टीम जब मजदूरों के साथ सुरेंद्र के घर की तलाशी लेने पहुंची, तो उन्हें बाथरूम के फर्श पर प्लास्टर की एक नई परत दिखाई दी। संदेह होने पर जब पुलिस ने उस प्लास्टर को तुड़वाया, तो उसके नीचे से सुरेंद्र का शव बरामद हुआ।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया
फिलहाल, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इस मामले में और लोग शामिल थे, या क्या किसी और ने रूबी की मदद शव को दफनाने में की थी।
अधिकारियों के अनुसार, सुरेंद्र बेरोजगार था और उसे शराब की लत थी। पुलिस ने बताया कि वह अक्सर शराब पीकर घर आता था और कथित तौर पर रूबी के साथ मारपीट करता था। खबरों के मुताबिक, परिवार घर का खर्च चलाने के लिए सुरेंद्र की मां को मिलने वाली पेंशन पर निर्भर था।
पूछताछ के दौरान, रूबी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से घरेलू हिंसा का शिकार हो रही थी। उसने दावा किया कि 26 मई को पति द्वारा एक और हिंसक हमले के बाद, उसने उसे मारने का फैसला किया।
पुलिस ने बताया कि अपराध को छिपाने की कोशिश में उसने कथित तौर पर शव को घर के बाथरूम में खोदे गए एक गड्ढे में दफना दिया।
2025 के ‘ब्लू ड्रम’ जैसा हत्याकांड
इन सबके अलावा, यह मामला फरवरी 2025 के ‘ब्लू ड्रम’ हत्याकांड से मिलता-जुलता बताया जा रहा है, जिसमें मर्चेंट नेवी के अधिकारी सौरभ राजपूत की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में उसकी पत्नी मुस्कान राजपूत और उसके प्रेमी साहिल ने मिलकर शव के टुकड़े किए और उसे एक नीले ड्रम में सीमेंट भरकर छिपा दिया था।